July 03, 2026

भाजपा नेता तजिंदर बग्गा ने ई-रिक्शा की बैटरियों को बंद कर रहे ‘बैट-बीएमएस ऐप’ को तत्काल बंद करने की मांग

नई दिल्ली, 03 जुलाई। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सचिव तजिंदर बग्गा ने ई-रिक्शा एवं इलेक्ट्रिक वाहनों को दूर से बंद करने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मोबाइल एप्लिकेशन बैट-बीएमएस ऐप को तत्काल बंद करने की मांग की है। इस लेकर उन्होंने शुक्रवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है।

भाजपा नेता तजिंदर बग्गा ने पत्र में कहा कि बैट-बीएमएस ऐप नामक मोबाइल एप्लिकेशन का दुरुपयोग कर कुछ लोग ब्लूटूथ के माध्यम से ई-रिक्शा एवं अन्य इलेक्ट्रिक वाहनों की बैटरियों को दूर से बंद कर रहे हैं। इस संबंध में सोशल मीडिया पर अनेक वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। इस प्रकार की हरकतों के कारण ई-रिक्शा चालक बीच रास्ते में फंस जाते हैं, उनका काम प्रभावित होता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। जो लोग दिनभर की कमाई पर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, उनके लिए यह अत्यंत गंभीर समस्या है।

तजिंदर बग्गा ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कई वीडियो अत्यंत हृदयविदारक हैं। इनमें ई-रिक्शा चालक बीच सड़क पर फंसे हुए, मदद के लिए भटकते हुए तथा कई मामलों में रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। अपनी दैनिक आय पर निर्भर इन मेहनतकश लोगों के साथ इस प्रकार का व्यवहार न केवल अमानवीय है, बल्कि उनके सम्मान और आजीविका पर भी सीधा आघात है। जिसे कुछ लोग प्रैंक के नाम पर प्रचारित कर रहे हैं, वह वास्तव में गरीब परिवारों की रोजी-रोटी से खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि चलते हुए वाहन को अचानक बंद कर देना बेहद खतरनाक है, इससे सड़क दुर्घटनाएं हो सकती हैं। यह वास्तव में सार्वजनिक सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है।

तजिंदर बग्गा ने बैट-बीएमएस ऐप को तत्काल बंद करने तथा गूगल प्ले स्टोर, एप्पल ऐप स्टोर एवं अन्य प्लेटफॉर्म्स से हटाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.