July 06, 2026

सीरिया में बशर अल-असद के दशकों पुराने शासन के पतन के बाद गठित अंतरिम संसद का आज से शुरू होने वाला पहला सत्र स्थगित

दमिश्क (सीरिया), 06 जुलाई । सीरिया में बशर अल-असद के दशकों पुराने शासन के पतन के बाद गठित अंतरिम संसद (पीपुल्स असेंबली) का आज से शुरू होने वाला पहला सत्र स्थगित कर दिया गया । सीरिया में इस समय अंतरिम सरकार है। इसकी कमान पूर्व विद्रोही नेता अहमद अल-शारा संभाल रहे हैं। उन्होंने दिसंबर 2024 में बशर अल-असद के पांच दशक पुराने शासन को उखाड़ फेंकने के बाद सत्ता संभाली है।

अल अरबिया की रिपोर्ट के अनुसार, सीरिया की नई संसद में कुल 210 सीटें हैं। संसद की 140 सीटों पर अंतरिम निर्वाचन मंडलों के माध्यम से अप्रत्यक्ष चुनाव कराए गए। शेष 70 सदस्यों को अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शारा ने सीधे नियुक्त किया। इन 70 सदस्यों में 15 महिलाएं भी शामिल हैं। संसद में महिला सांसदों की कुल संख्या 21 है। नई संसद में विविध समुदायों को जगह देने की कोशिश की गई है। इनमें कुर्द समुदाय के लिए कुल 12 सीटें शामिल हैं।

संसद की पहली बैठक के लिए 6 जुलाई 2026 (सोमवार) की तारीख तय की गई थी। चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य कारणों के कारण संसद के इस पहले सत्र को फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। सीरिया में दक्षिण के द्रुज-बहुल सुवैदा प्रांत में तनाव और सुरक्षा स्थितियों के कारण वहां के प्रतिनिधियों का चुनाव अभी नहीं हो पाया है। इसलिए तीन सीटें अभी भी खाली हैं। अंतरिम संसद का कार्यकाल 30 महीने (ढाई साल) का निर्धारित किया गया है।

अंतरिम संसद का मुख्य काम देश के लिए नया चुनाव कानून तैयार करना, देश के सामान्य बजट को मंजूरी देना और अगले लोकतांत्रिक चुनाव के लिए जमीन तैयार करना है। यह संसद तब तक विधायी शक्तियों का प्रयोग करेगी जब तक देश में स्थाई संविधान लागू नहीं हो जाता।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.