July 07, 2026

बैटर को सही तरीके से तैयार करने पर घर में भी होटल जैसी सॉफ्ट इडली और कुरकुरे वड़े बनाए जा सकते हैं।

साउथ इंडिया की मशहूर डिश इडली-सांभर और वड़ा अब देशभर में लोगों की पसंद बन चुकी है। खासकर नाश्ते में लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं। लेकिन अक्सर घर पर इडली और वड़ा बनाते समय एक समस्या आती है कि ये होटल या रेस्टोरेंट जैसे मुलायम और स्पंजी नहीं बन पाते। कई बार इडली सख्त हो जाती है और वड़ा भी उतना कुरकुरा नहीं बनता। इसकी वजह बैटर तैयार करने के तरीके में छोटी-सी गलती हो सकती है।

नोएडा के अजनारा मार्केट स्थित एक साउथ इंडियन रेस्टोरेंट में इडली-वड़ा बनाने वाले कुक ने बताया कि बैटर को सही तरीके से तैयार करने पर घर में भी होटल जैसी सॉफ्ट इडली और कुरकुरे वड़े बनाए जा सकते हैं। इसके लिए सबसे जरूरी है उड़द दाल को सही समय तक भिगोना और पीसते समय तापमान का ध्यान रखना। उड़द दाल को लंबे समय तक भिगोना जरूरी इडली और वड़ा के लिए उड़द दाल बैटर की सबसे अहम सामग्री होती है। इसे कम समय तक भिगोने से दाल अच्छी तरह पानी नहीं सोख पाती, जिससे बैटर का टेक्सचर खराब हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार उड़द दाल को करीब 11 से 12 घंटे तक पानी में भिगोकर रखना चाहिए। वहीं अगर इडली के लिए चावल भी भिगो रहे हैं तो उसे 2 से 3 घंटे तक भिगोना पर्याप्त होता है।

सही तरीके से भीगी हुई दाल आसानी से पिसती है और बैटर में हल्कापन आता है। यही हल्कापन इडली को नरम और वड़े को अंदर से मुलायम बनाने में मदद करता है। बैटर पीसते समय डालें बर्फ के टुकड़े इडली-वड़ा बनाने की सबसे बड़ी ट्रिक बैटर पीसने के दौरान अपनाई जाती है। लंबे समय तक भीगी हुई उड़द दाल का तापमान बढ़ जाता है। इसके बाद जब इसे मिक्सर या ग्राइंडर में पीसा जाता है तो मशीन की गर्मी से बैटर और ज्यादा गर्म हो सकता है। इससे बैटर का टेक्सचर खराब हो जाता है और इडली सॉफ्ट नहीं बन पाती।इस समस्या से बचने के लिए बैटर पीसते समय ग्राइंडर में कुछ बर्फ के टुकड़े डालने की सलाह दी जाती है। अगर बर्फ उपलब्ध नहीं है तो ठंडे पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है। ठंडे पानी से पीसने पर बैटर का टेक्सचर गाढ़ा और सही बना रहता है, जिससे इडली स्पंजी और वड़ा कुरकुरा बनता है

गाढ़ा बैटर बनाएगा परफेक्ट इडली-वड़ा इडली और वड़ा के लिए बैटर का गाढ़ा होना बहुत जरूरी है। ज्यादा पतला बैटर इस्तेमाल करने से इडली चिपचिपी या सख्त हो सकती है। वहीं गाढ़े बैटर से इडली अच्छी तरह फूलती है और इसका रंग भी सफेद बना रहता है।जानकारों के मुताबिक गर्म बैटर का रंग हल्का पीला या भूरा दिखाई दे सकता है, जबकि ठंडे पानी या बर्फ के इस्तेमाल से बैटर का रंग साफ सफेद रहता है। इससे तैयार इडली भी देखने में आकर्षक और खाने में ज्यादा मुलायम होती है।

जल्दी खमीर उठाने के लिए अपनाएं ये उपाय इडली के बैटर में फर्मेंटेशन यानी खमीर उठना भी जरूरी होता है। अगर बैटर जल्दी तैयार करना हो तो इसमें 1 से 2 चम्मच सादी दही मिलाई जा सकती है। दही बैटर में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाने में मदद करती है, जिससे फर्मेंटेशन की प्रक्रिया तेज हो जाती है।अगर तुरंत इडली बनानी हो और बैटर को खमीर उठने का समय नहीं मिल पा रहा हो तो इसमें थोड़ा सा ईनो मिलाकर भी इडली बनाई जा सकती है। ईनो बैटर को तुरंत फुलाने में मदद करता है, जिससे इडली नरम और स्पंजी बनती है।इन आसान घरेलू उपायों को अपनाकर आप भी बिना किसी खास मेहनत के घर पर होटल जैसी सॉफ्ट इडली और स्वादिष्ट कुरकुरे वड़े तैयार कर सकते हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.