July 08, 2026

बच्चों को ये 5 स्वादिष्ट स्नैक्स खिलाया जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हो

आजकल बच्चों को चिप्स, पिज्जा, बर्गर और अन्य जंक फूड खाना बेहद पसंद होता है। स्वाद में अच्छे लगने वाले ये फूड आइटम अगर रोजाना खाए जाएं तो बच्चों की सेहत पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। ज्यादा जंक फूड खाने से बच्चों में पोषण की कमी, मोटापा और कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में माता-पिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती होती है कि बच्चों को ऐसा क्या खिलाया जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हो।

अगर आपका बच्चा भी हर समय बाहर के खाने की मांग करता है तो आप घर पर ही कुछ ऐसे हेल्दी स्नैक्स तैयार कर सकते हैं, जिन्हें बच्चे खुशी-खुशी खाएंगे। ये स्नैक्स न सिर्फ स्वाद में बेहतर होंगे बल्कि बच्चों को जरूरी पोषक तत्व भी देंगे। बच्चों के लिए सबसे अच्छा विकल्प सूजी और सब्जियों से बना चीला हो सकता है। कई बच्चे हरी सब्जियां खाने से बचते हैं, लेकिन अगर सब्जियों को स्वादिष्ट तरीके से परोसा जाए तो वे आसानी से खा लेते हैं। सूजी चीला बनाने के लिए सूजी में दही, पानी और बारीक कटी हुई सब्जियां जैसे गाजर, शिमला मिर्च, प्याज और टमाटर मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को तवे पर हल्के घी या बटर की मदद से सेंक लें। यह चीला देखने में आकर्षक और खाने में क्रिस्पी होता है। बच्चे इसे टोमैटो सॉस के साथ बड़े चाव से खा सकते हैं।

अगर बच्चे को चिप्स और कुरकुरे पसंद हैं तो उनकी जगह भुना हुआ मखाना चाट एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। मखाने में कैल्शियम और प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो बच्चों की हड्डियों और शरीर के विकास के लिए फायदेमंद होता है। इसे बनाने के लिए मखानों को थोड़े से घी में कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद इसमें नमक, चाट मसाला और हल्की सी हल्दी मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें खीरा, टमाटर और नींबू का रस भी डाला जा सकता है। यह स्नैक स्वादिष्ट होने के साथ काफी पौष्टिक भी होता है।

मीठा खाने की इच्छा होने पर बच्चों को बाजार की मिठाइयों और पेस्ट्री की जगह ओट्स और केले से बना पैनकेक दिया जा सकता है। इसे बनाना भी बेहद आसान है। सबसे पहले ओट्स को पीसकर पाउडर बना लें और इसमें पका हुआ केला, दूध और थोड़ा सा शहद मिलाकर घोल तैयार करें। इसके बाद तवे पर छोटे-छोटे पैनकेक बनाएं। यह स्नैक बच्चों को स्वाद के साथ ऊर्जा भी देता है और लंबे समय तक पेट भरा महसूस कराता है। फ्रेंच फ्राइज बच्चों का पसंदीदा स्नैक होता है, लेकिन इसमें तेल की मात्रा ज्यादा होने के कारण यह सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसकी जगह घर पर बने आलू वेजेस एक अच्छा विकल्प हैं। इसे बनाने के लिए आलू को लंबे टुकड़ों में काटकर उसमें थोड़ा ऑलिव ऑयल, नमक, काली मिर्च और ऑरेगानो मिलाएं। इसके बाद इन्हें ओवन में बेक करें या तवे पर क्रिस्पी होने तक पकाएं। ये बाहर से कुरकुरे और अंदर से मुलायम होते हैं, इसलिए बच्चों को काफी पसंद आते हैं।

शाम की हल्की भूख के लिए फ्रूट एंड नट्स योगर्ट पार्फे भी एक बेहतरीन विकल्प है। इसे बनाने के लिए एक गिलास में गाढ़ी दही की परत लगाएं और ऊपर से बच्चों के पसंदीदा फल जैसे आम, केला, सेब या स्ट्रॉबेरी डालें। इसके बाद इसमें बादाम, काजू और किशमिश मिलाएं। स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा शहद भी डाला जा सकता है। यह दिखने में आकर्षक होने के साथ-साथ विटामिन, प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होता है। बच्चों को हेल्दी खाने की आदत डालने के लिए जरूरी है कि उन्हें स्वाद और पोषण दोनों का संतुलन दिया जाए। घर पर बने ये स्नैक्स न सिर्फ जंक फूड की आदत को कम करने में मदद करेंगे, बल्कि बच्चों के शारीरिक विकास के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकते हैं। थोड़ी सी मेहनत से माता-पिता बच्चों के लिए स्वादिष्ट और सेहतमंद विकल्प तैयार कर सकते हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.