July 08, 2026

संगम विहार में प्लास्टिक पैकिंग फैक्ट्री धधकी आग, तीन घंटे में पाया काबू

नई दिल्ली, 08 जुलाई । दक्षिणी दिल्ली के संगम विहार स्थित होली चौक इलाके में बुधवार दोपहर एक प्लास्टिक डब्बे की पैकिंग फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से उठते धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस फैक्ट्री में आग लगी वह अवैध रूप से संचालित गत्ता एवं प्लास्टिक पैकिंग यूनिट बताई जा रही है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई।

दिल्ली दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दोपहर 11:52 बजे मिली। सूचना मिलते ही शुरुआती तौर पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए लगातार अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया। खबर लिखे जाने तक 15 से अधिक दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी थीं।

बारिश के बावजूद आग की तीव्रता कम नहीं हुई। दमकल कर्मियों ने कई दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन करीब तीन घंटे बाद भी आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी। अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री में रखे प्लास्टिक और पैकिंग सामग्री के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और यह भी जांच होगी कि फैक्ट्री वैध रूप से संचालित हो रही थी या नहीं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.