मुख्यमंत्री ने शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई पहलों को हरी झंडी दिखाई, पांच विद्यार्थियों को अमेरिका के एयर टिकट दिए
नई दिल्ली, 09 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सक्षम योजना के अंतर्गत शिक्षा और तकनीक से जुड़ी कई पहलों का शुभारंभ किया। उन्होंने शालीमार बाग विधानसभा स्थित राजकीय विद्यालय में देश के प्रथम एआई -इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का लोकार्पण किया। दिल्ली के सभी सरकारी विद्यालयों में स्टेम इनोवेशन लैब्स की शुरुआत और आधुनिक कंप्यूटर लैब और स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम का शुभारंभ किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आज छात्राओं के लिए मेडिकल चेक-अप, आंखों की जांच, चश्मा वितरण, पेट के कीड़े निकालने की दवा (डीवॉर्मिंग) और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत प्रतिभा को संसाधनों की सीमाओं से निकालकर अवसरों से जोड़ रहा है। इसी संकल्प के साथ सरकारी विद्यालयों के बच्चों तक विश्वस्तरीय शिक्षा, आधुनिक तकनीक और नवाचार के नए अवसर पहुंचाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्टेम इनोवेशन लैब में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप पांच विद्यार्थियों को यूएसएसआरसी (यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एंड रॉकेट सेंटर) के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष विज्ञान कार्यक्रम के लिए अमेरिका यात्रा के एअर टिकट प्रदान किए गए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी।