अभाविप ने 78वें स्थापना दिवस पर देशभर में मनाया राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस
नई दिल्ली, 09 जुलाई । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपने 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर गुरुवार को देशभर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विभिन्न इकाइयों में विविध कार्यक्रम आयोजित कर राष्ट्र निर्माण में छात्रशक्ति की भूमिका को रेखांकित किया। इस दौरान सेवा, संगठन और राष्ट्र प्रथम के संकल्प को दोहराते हुए आगामी वर्ष में चलाए जाने वाले राष्ट्रव्यापी अभियानों की भी जानकारी दी गई।
अभाविप के अनुसार दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, काशी हिंदू विश्वविद्यालय-वाराणसी, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, पंजाब विश्वविद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय सहित देशभर के विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरों और जिलों में संगोष्ठियां, युवा संवाद, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, करियर मार्गदर्शन, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। साथ ही स्वामी विवेकानंद स्मारकों पर श्रद्धांजलि एवं स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित और समाजहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को अभाविप के विभिन्न रचनात्मक अभियानों और गतिविधियों, जैसे सेवार्थ विद्यार्थी, विकासार्थ विद्यार्थी, राष्ट्रीय कला मंच, शोध आयाम, खेलो भारत, मिशन साहसी तथा अंतरराज्य छात्र जीवन दर्शन (एसईआईएल) से परिचित कराया गया। संगठन ने आगामी वर्ष में संचालित किए जाने वाले प्रमुख राष्ट्रव्यापी अभियानों 'स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम', 'एसईआईएल@60', 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष', आपातकाल विरोध के 50 वर्ष, श्री गुरु तेगबहादुर के 350वें बलिदान वर्ष तथा संत रविदास के 650वें प्राकट्योत्सव वर्ष से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।
अभाविप ने कहा कि 78 वर्षों की अपनी यात्रा में संगठन ने छात्र आंदोलनों के साथ-साथ सेवा, शिक्षा सुधार, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रीय एकात्मता, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, अनुसंधान, खेल, कला और व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है। संगठन ने दावा किया कि 77 लाख से अधिक सक्रिय सदस्यों के साथ वह विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित 'वसुंधरा' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद ने अपनी 78 वर्षों की यात्रा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को राष्ट्र पुनर्निर्माण के लक्ष्य से जोड़ा है। उन्होंने देशभर के विद्यार्थियों से ज्ञान, चरित्र, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों को अपनाते हुए भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल भविष्य के नागरिक नहीं, बल्कि वर्तमान के राष्ट्रनिर्माता हैं।