एमसीडी वार्ड समिति चुनाव के बीच आआपा पार्षद विकास टांक भाजपा में शामिल
नई दिल्ली, 15 जुलाई । दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की वार्ड समितियों के चुनाव की प्रक्रिया के बीच बुधवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) को सिटी एसपी जोन में बड़ा राजनीतिक झटका लगा। सिटी एसपी जोन से आआपा के पार्षद विकास टांक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने विकास टांक को भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने दावा किया कि विकास के पार्टी में शामिल होने से सिटी एसपी जोन में भाजपा की स्थिति और मजबूत होगी।
एमसीडी की वार्ड समितियों के चुनाव के तहत सिटी एसपी जोन में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। ऐसे समय में आआपा के एक पार्षद का भाजपा में शामिल होना चुनावी समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।