नई दिल्ली, 21 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष मांगे राम गर्ग की 7वीं पुण्यतिथी पर मंगलवार को दिल्ली भाजपा ने उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की।
दिल्ली भाजपा कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक साधारण सात्विक कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिती में स्वर्गीय मांगे राम गर्ग के चित्र पर माल्यार्पण करके श्रद्धासुमन अर्पित किए। दिल्ली भाजपा के महामंत्री विष्णु मित्तल एवं योगिता सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मांगे राम गर्ग संगठन कौशल के प्रतीक थे। वह जमीनी कार्यकर्ता से उठकर प्रदेश अध्यक्ष बने यही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।
उन्होंने कहा कि उनका संगठन कौशल अद्भुत था। बूथ को सबसे छोटी इकाई मानकर उन्होंने पूरे दिल्ली में बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत किया। कार्यकर्ताओं की समस्या सुनना और समय पर सम्मान देना उनकी कार्यशैली थी।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गर्ग ने "संगठन पर्व" को आंदोलन बनाया। हर मंडल, हर जिला में प्रवास, बैठक और प्रशिक्षण शिविर लगवाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय उनकी रणनीति थी "पहले संगठन, फिर सरकार।"
मल्होत्रा ने कहा कि वे अनुशासन और संवाद के पक्षधर थे। वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं के बीच सेतु बनाकर उन्होंने पार्टी में एकजुटता बनाई। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा के कई नेता उन्हें "संगठन गुरु" मानते हैं। उनका जीवन नए कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है हमें सेवा, समर्पण और संगठन का संदेश देता है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा राजनीतिक जीवन से हटकर भी मांगे राम की अलग पहचान थी, वह सामाजिक कुरीतियों से भी लड़ते थे और अपना देहदान करके एक उच्च उदाहरण समाज के समक्ष रखा।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय मांगे राम गर्ग की निवास एवं सामाजिक कार्य भूमी अशोक विहार में आज उनकी स्मृति में उनके पुत्र एवं दिल्ली भाजपा के कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग के संयोजन में उनके परिजनों एवं मित्रों द्वारा एक श्रद्धांजली सभा एवं स्मृति संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसे राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक प्रेम गोयल ने सम्बोधित किया। दिल्ली राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के कार्यवाह अनिल गुप्ता, सांसद योगेन्द्र चांदोलिया आदि ने भी मांगे राम गर्ग की स्मृति सभा को सम्बोधित किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए।
hindnesri24news@gmail.com
© Hind Kesari24. All Rights Reserved.