July 28, 2026

राष्ट्रमंडल खेल 2026: सर्वेश कुशारे ने ऊंची कूद में जीता रजत, एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक

ग्लासगो, 28 जुलाई । भारत के स्टार हाई जंप खिलाड़ी सर्वेश कुशारे ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा का रजत पदक जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने ग्लासगो खेलों में एथलेटिक्स में भारत का पहला पदक दिलाया।

31 वर्षीय सर्वेश ने फाइनल में 2.05 मीटर, 2.10 मीटर, 2.15 मीटर और 2.20 मीटर की ऊंचाई पहले ही प्रयास में सफलतापूर्वक पार की। इसके बाद उन्होंने 2.25 मीटर की ऊंचाई तीसरे प्रयास में पार कर रजत पदक लगभग सुनिश्चित कर लिया।

जमैका के रोमेन बेकफोर्ड ने भी 2.25 मीटर की ऊंचाई पार की, लेकिन उन्होंने यह ऊंचाई पहले प्रयास में ही पार कर ली थी। इसी आधार पर उन्हें स्वर्ण पदक मिला। इसके बाद दोनों खिलाड़ी 2.28 मीटर की ऊंचाई पार करने में तीनों प्रयासों में असफल रहे। इंग्लैंड के किमानी जैक ने 2.20 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

सर्वेश कुशारे शानदार फॉर्म में राष्ट्रमंडल खेलों में पहुंचे थे। उन्होंने 27 जून को भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय अंतर-राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2.31 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा 2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की हाई जंप फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय बनकर उन्होंने इतिहास भी रचा था, जहां उन्होंने छठा स्थान हासिल किया था।

भारत की ओर से इस स्पर्धा के फाइनल में तीन खिलाड़ी उतरे थे। हालांकि, तेजस्विन शंकर शुरुआती 2.05 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहने के बाद चोट के कारण मुकाबले से हट गए। इसके बावजूद बर्मिंघम 2022 के कांस्य पदक विजेता तेजस्विन पूरे मुकाबले के दौरान ट्रैक के किनारे मौजूद रहे और सर्वेश का उत्साह बढ़ाते रहे। भारत के एक अन्य खिलाड़ी जे. आदर्श राम भी फाइनल में शामिल थे।

सर्वेश कुशारे के इस रजत पदक के साथ भारत ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में एथलेटिक्स में अपना पदक खाता खोल दिया, जिससे भारतीय दल की पदक उम्मीदों को नई मजबूती मिली।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.