July 28, 2026

ट्विशा मौत मामले में आरोपित गिरिबाला और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ी

भोपाल, 28 जुलाई । मध्य प्रदेश के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने मंगलवार को दोनों मुख्य आरोपितों सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी है। सुनवाई के दौरान आरोपियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी हुई। बचाव पक्ष द्वारा वॉइस सैंपल प्रक्रिया और रिमांड बढ़ाने पर आपत्ति जताई गई, जिसे अदालत ने खारिज करते हुए सीबीआई की अर्जी स्वीकार कर ली।

भोपाल के चर्चित ट्विशा मामले में आज ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनवाई हुई। ट्विशा पक्ष के अधिवक्ता शुभांग दीक्षित ने बताया कि जमानत अर्जी खारिज होने के बाद न्यायिक हिरासत की अवधि समाप्त होने पर आरोपित गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के जरिए अदालत में पेशी कराई गई। सुनवाई के दौरान मृतका ट्विशा के पिता और भाई भी अदालत परिसर में मौजूद रहे। मामले की गंभीरता और जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए अदालत ने सीबीआई के आवेदन को स्वीकार करते हुए दोनों आरोपितों की ज्यूडिशियल रिमांड 11 अगस्त तक बढ़ाने के आदेश जारी किए।

सुनवाई के दौरान आरोपितों के वकील ने सीबीआई पर आरोप लगाते हुए कहा कि वॉइस सैंपल लेने के दौरान जांच एजेंसी के अधिकारियों का रवैया उचित नहीं था। बचाव पक्ष ने यह भी दावा किया कि आरोपितों द्वारा जांच में सहयोग न करने की बात गलत है। इस पर अदालत ने मौखिक रूप से स्पष्ट किया कि वॉइस सैंपल से जुड़े ये तमाम तर्क जमानत अर्जी की सुनवाई के दौरान पहले ही सुने जा चुके हैं, इसलिए रिमांड की प्रक्रिया में इस मुद्दे का अब कोई औचित्य नहीं रह जाता है।

बचाव पक्ष ने अदालत में न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ाए जाने का विरोध करते हुए तर्क दिया कि सीबीआई की रिमांड अर्जी में कोई नया आधार नहीं दिया गया है। साथ ही उन्होंने एजेंसी से अब तक पूछताछ किए गए गवाहों की सूची मांगी। इसका कड़ा विरोध करते हुए सीबीआई ने अदालत में पक्ष रखा कि मामले में जांच अभी संवेदनशील मोड़ पर है और गवाहों का ब्योरा सार्वजनिक करने से निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।

गौरतलब है कि 12 मई 2026 को राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स में हुई ट्विशा की संदिग्ध मौत के मामले में उच्च न्यायालय के आदेश पर दिल्ली एम्स की दोबारा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच कर रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.