August 01, 2026

सारंगपुरी पुलिया निर्माण में लापरवाही, ग्रामीणों का संपर्क बाधित

धमतरी, 01 अगस्त । धमतरी शहर से लगे हुए ग्राम कोलियारी–खरेंगा–दोनर मार्ग पर सारंगपुरी के पास निर्माणाधीन पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य में कथित लापरवाही के चलते हजारों ग्रामीणों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है। निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने से क्षेत्र के लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क व पुलिया निर्माण की मांग की है ताकि आवाजाही सुगम तरीके से हो सके।

शनिवार को सड़क संघर्ष समिति के संरक्षक एवं कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने निर्माणकर्ता से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद संपर्क नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान संरक्षक दयाराम साहू, संयोजक हीरेंद्र साहू, मनोज साहू सहित रोड संघर्ष समिति के अनेक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने निर्माण कार्य की धीमी गति और अव्यवस्थित कार्यप्रणाली पर गहरी चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

रोड संघर्ष समिति ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा कराया जाए, तत्काल वैकल्पिक मार्ग अथवा अस्थायी पुल की व्यवस्था की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले निर्माणकर्ता के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो क्षेत्रवासी जनहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और ठेकेदार की होगी। इस संबंध में धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा का कहना है कि संबंधित स्थल का निरीक्षण कराकर तत्काल निर्माण कार्य तेजी से करने कहा जाएगा ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

स्कूल और अस्पताल जाना हो गया है प्रभावित

ग्रामीण संतू साहू, रामलाल साहू, बसंत कुमार, यशकरण, बोधन निषाद का कहना है कि सड़क बंद होने से बच्चों का विद्यालय जाना प्रभावित हो गया है, किसानों को कृषि कार्य और उपज के परिवहन में कठिनाई हो रही है, जबकि मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया है। लगातार बारिश के कारण यह मार्ग पूरी तरह जोखिम भरा हो चुका है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

जल्द से जल्द किया जाए समस्याबक निराकरण

ग्रामीण कोमल साहू, पवन साहू, कमलेश कुमार का कहना है कि यदि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग या अस्थायी पुल की व्यवस्था कर दी जाती तो लोगों को इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती। कार्य की भूमि गति के कारण यह परेशानी बढ़ गई है इस समस्या का जल्द से जल्द निराकरण किया जाना चाहिए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.