युवा साइकिल चालक हर्षिता जाखर टूर डी फ्रांस फेम्स में भाग लेने वाली पहली भारतीय महिला बनीं
युवा साइकिलिस्ट हर्षिता जाखर ने स्विट्जरलैंड में आयोजित टूर डी फ्रांस फेम्स में भाग लेने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया है। 19 वर्षीय हर्षिता ने कल इस कठिन प्रतियोगिता के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत के दौरान अफगानिस्तान, अल्जीरिया, चिली, इथियोपिया (दो राइडर्स के साथ), नामीबिया और युगांडा की आठ प्रतिभाशाली साइकिलिस्टों के समूह का नेतृत्व किया। यह प्रतियोगिता इस महीने की 1 तारीख को लुसाने में शुरू हुई और 9 अगस्त को नीस में समाप्त होगी।
यूसीआई (यूनियन साइक्लिस्ट डी इंटरनेशनेल) द्वारा चुनी गई टीम ने डब्ल्यूसीसी रोड टीम के कुछ राइडर्स के साथ कोर्स के एक न्यूट्रलाइज्ड सेक्शन पर 4.5 किलोमीटर की साइकिलिंग की।
टूर डी फ्रांस फेम्स महिलाओं की बहु-चरणीय साइकिल दौड़ है जो पुरुषों के टूर डी फ्रांस के समकक्ष है। यह यूसीआई महिला विश्व टूर कैलेंडर का हिस्सा है।
यूसीआई अध्यक्ष डेविड लैपर्टिएंट स्टेज शुरू होने से पहले स्टार्ट पोडियम पर सवारों के साथ शामिल हुए और प्रतियोगिता में एक भारतीय को देखकर अपनी खुशी व्यक्त की।
राजस्थान की रहने वाली हर्षिता ने भारतीय साइकिलिंग जगत में धूम मचा रखी है। उन्होंने जूनियर वर्ग में लगभग सभी पदक जीते हैं और सीनियर वर्ग में भी नियमित रूप से जीत हासिल की है। उनका लक्ष्य 2026 एशियाई खेलों में शीर्ष 10 में स्थान बनाना और 2030 खेलों में पदक जीतना है।