August 07, 2026

इंडियन आर्मी आइस हॉकी टीम ने जीता चैलेंजर्स कप का खिताब, रोमांचक फाइनल में लेह किंग्स को 6-5 से हराया

लेह (लद्दाख), 07 अगस्त। इंडियन आर्मी आइस हॉकी टीम ने रोमांचक फाइनल में लेह किंग्स को 6-5 से हराकर उद्घाटन रॉयल एनफील्ड चैलेंजर्स कप का खिताब अपने नाम कर लिया। नवान्ग दोरजे स्टोबदान (एनडीएस) स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए इस मुकाबले में अंतिम क्षणों तक कांटे की टक्कर देखने को मिली।

रॉयल एनफील्ड आइस हॉकी लीग से उभरे खिलाड़ियों से सजी लेह किंग्स ने देश की सबसे मजबूत आइस हॉकी टीम को कड़ी चुनौती दी। मैच का निर्णायक गोल पद्मा नामग्याल ने अंतिम क्षणों में फुंटसोग नामग्याल के पास पर दागकर इंडियन आर्मी को 6-5 की जीत दिलाई।

लेह किंग्स ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। त्सेरिंग अंगचुक ने मुश्ताक अहमद गिरी के पास पर पहला गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि इंडियन आर्मी ने तुरंत जवाब देते हुए दोरजे अंगचुक और जिगमत कुंजांग के गोल की बदौलत पहला पीरियड 2-1 की बढ़त के साथ समाप्त किया।

दूसरे पीरियड की शुरुआत में रिगजिन नोरबू ने गोल कर बढ़त 3-1 कर दी, लेकिन लेह किंग्स ने हार नहीं मानी। स्टांजिन अंगचोक ने लगातार दो गोल दागकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद रिगजिन नोरबू ने इंडियन आर्मी को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन चंबा त्सेतन के गोल से लेह किंग्स ने स्कोर 4-4 कर दिया।

तीसरे और अंतिम पीरियड की शुरुआत में स्टांजिन अंगचोक ने हैट्रिक पूरी करते हुए लेह किंग्स को 5-4 की बढ़त दिला दी। दबाव की स्थिति में इंडियन आर्मी ने अनुभव का परिचय दिया। जिगमत कुंजांग ने स्कोर बराबर किया और फिर पद्मा नामग्याल ने विजयी गोल कर टीम को ऐतिहासिक खिताब दिला दिया।

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए इंडियन आर्मी के सोनम त्सेतन को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया, जबकि लेह किंग्स के त्सेरिंग अंगचुक को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।

यह प्रतियोगिता रॉयल एनफील्ड सोशल मिशन, लद्दाख आइस हॉकी संघ और लाहौल-स्पीति आइस हॉकी संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। इसमें इंडियन आर्मी, आईटीबीपी की सेंट्रल आइस हॉकी टीम, लेह किंग्स, कारगिल वॉरियर्स और स्पीति टाइटंस सहित पांच टीमों ने हिस्सा लिया। लीग चरण के बाद शीर्ष दो टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।

इंडियन आर्मी आइस हॉकी टीम के कप्तान त्सेवांग नामग्याल ने कहा, "हम बड़े दर्शक समूह के सामने खेलने के आदी हैं, लेकिन लद्दाख और स्पीति के युवा खिलाड़ियों के लिए यह अनुभव जीवन बदलने वाला हो सकता है। पर्यटन सीजन के दौरान इस टूर्नामेंट के आयोजन से हजारों दर्शकों ने पहली बार आइस हॉकी देखी और स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा को करीब से जाना। इससे खिलाड़ियों को पहचान मिली और दुनिया के सामने हिमालय में विकसित हो रही भारतीय आइस हॉकी की नई तस्वीर उभरकर आई।"

लेह की अत्याधुनिक ऑल-सीजन आइस रिंक पर आयोजित छह दिवसीय इस टूर्नामेंट में 15 हजार से अधिक दर्शकों ने मुकाबलों का आनंद लिया। आयोजकों का मानना है कि यह प्रतियोगिता हिमालयी क्षेत्र में आइस हॉकी के विकास और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.