August 08, 2026

श्रीलंका इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में देवदत्त पडिक्कल ने लगाया शतक

कोलंबो, 08 अगस्त । भारतीय बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका इलेवन के खिलाफ एकमात्र अभ्यास मैच के दूसरे दिन शनिवार को शानदार शतक जड़कर टेस्ट टीम में जगह बनाने की अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में पडिक्कल ने 121 गेंदों में शतक पूरा किया।

पडिक्कल ने मिडविकेट की दिशा में चौका लगाकर अपना सैकड़ा पूरा किया। इससे ठीक पहले वह 99 रन के निजी स्कोर पर रमेश मेंडिस की गेंद पर कैच एंड बोल्ड होने से बाल-बाल बचे थे। शतक पूरा करने के तुरंत बाद वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। अपनी संयमित पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए।

26 वर्षीय कर्नाटक के बल्लेबाज पडिक्कल के लिए टेस्ट क्रिकेट में अब तक का सफर आसान नहीं रहा है। उन्होंने 2024 की शुरुआत में धर्मशाला में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट पदार्पण किया था। इसके बाद उन्हें सिर्फ एक और टेस्ट खेलने का मौका मिला, जो उसी वर्ष पर्थ में खेला गया था।

चोट के कारण वह इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए थे। इसके बाद से वह ज्यादातर समय भारतीय टीम की बेंच पर ही रहे और प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के अवसर का इंतजार करते रहे। पडिक्कल ने श्रीलंका दौरे पर भारत ए की ओर से खेलते हुए भी प्रभावित किया था। उन्होंने तीन पारियों में 94, 12 और 67 रन बनाए थे। इसके बाद अब श्रीलंका इलेवन के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है।

दूसरी ओर, बी. साई सुदर्शन फिट होने के लिए समय के खिलाफ दौड़ रहे हैं। यदि तमिलनाडु के बाएं हाथ के बल्लेबाज पहले टेस्ट के लिए फिट नहीं हो पाते हैं, तो पडिक्कल उनके संभावित विकल्प के तौर पर टीम में जगह बना सकते हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.