राहुल गांधी आराजकता और झूठ के ‘पोस्टर बॉय’ बन गए हैं : हर्ष मल्होत्रा
नई दिल्ली, 11 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज आराजकता और झूठ के ‘पोस्टर बॉय’ बन गए हैं। उन्होंने राहुल गांधी और समूचे विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि संसद में युवा आंदोलन से लेकर देश के हर विषय पर चर्चा के लिए आएं, लेकिन चर्चा से भागें नहीं और संसद को बाधित न करें।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि राहुल गांधी ने कुछ दिन पहले जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को राजनीतिक हथियार बनाने का प्रयास किया, लेकिन झारखंड में कांग्रेस की भागीदारी वाली सरकार द्वारा छात्र आंदोलन के कथित हिंसक दमन ने राहुल गांधी और कांग्रेस के दोहरे चरित्र को देश, विशेषकर युवाओं के सामने उजागर कर दिया है।
उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि वह सामने आकर बताएं कि कांग्रेस की बैसाखी पर खड़ी हेमंत सोरेन सरकार को कब गिराएंगे। यदि ऐसा नहीं करते हैं तो देश यह माने कि झारखंड में छात्रों के खिलाफ हुई कार्रवाई कांग्रेस की स्वीकृति से हुई है।
मल्होत्रा ने कहा कि संसद देश के मुद्दों पर चर्चा का संवैधानिक स्थान है। राहुल गांधी संविधान की पुस्तक लेकर घूमते हैं, लेकिन उसी संविधान की भावना की अवहेलना करते हुए संसद में चर्चा से भाग रहे हैं और संसद को ‘हाईजैक’ करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान कुछ आपराधिक और राष्ट्रविरोधी तत्वों ने हिंसा करने तथा संसद में घुसने का प्रयास किया था। उस समय राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर जाकर बैठ गए थे और छात्रों के दमन तथा उन पर पैलेट गोली चलाने जैसे आरोप लगाकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे थे। मल्होत्रा ने कहा कि झारखंड की घटना ने कांग्रेस और राहुल गांधी के कथित दोहरे रवैये को उजागर कर दिया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में कुछ राजनीतिक दलों ने सीजेपी नाम से मंच बनाकर नीट परीक्षा पत्र लीक के मुद्दे की आड़ में युवाओं को भड़काने का प्रयास किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हिंसा भड़काने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दो वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों को छात्र नेताओं से बातचीत की जिम्मेदारी दी और उनकी मांगों को स्वीकार कर छात्र आंदोलन समाप्त कराया। इसके साथ ही संसद में विपक्ष के असहयोग के बावजूद परीक्षा पत्र लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का कानून पारित कराया गया। इसके विपरीत, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की भागीदारी वाली झारखंड सरकार ने छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया, जिसके लिए देश उसे कभी माफ नहीं करेगा।
मल्होत्रा ने कहा कि वह प्रदेश अध्यक्ष के साथ-साथ केंद्रीय राज्य मंत्री भी हैं और संसद के दोनों सदनों के सभापति तथा संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू लगातार प्रयास कर रहे हैं कि बाधित हो रही संसद में देश के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी की हठधर्मिता के कारण संसद का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि संसदीय कार्य मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार हर विषय पर बहस के लिए तैयार है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी चर्चा में बोलने के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी, चर्चा से बच रहे हैं। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को छात्रों या देश की चिंता नहीं है, बल्कि वह महत्वपूर्ण सरकारी विधेयकों को रोकने के लिए संसद बाधित कर रहे हैं।
पत्रकार सम्मेलन के समापन पर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि राहुल गांधी, कांग्रेस और अधिकांश विपक्ष जिस ‘असंसदीय आराजक’ राह पर चल रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि 2029 उनके राजनीतिक सफाये का वर्ष होगा और इस राजनीतिक बदलाव का माध्यम ‘जेन जी’ बनेगा।