August 15, 2026

इतिहास के पन्नों में 16 अगस्त : जब लॉर्ड्स में भारत ने दर्ज की तीसरी जीत, विराट की कप्तानी में किया था कमाल

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 16 अगस्त की तारीख बहुत खास है। साल 2021 में स्वतंत्रता दिवस के ठीक एक दिन बाद 16 अगस्त को भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर तिरंगा फहराया था। भारतीय टीम ने विराट कोहली की कप्तानी में लॉर्ड्स के मैदान पर तीसरी बार टेस्ट में जीत दर्ज की थी।

लॉर्ड्स में भारत की यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक थी क्योंकि इससे पहले भारतीय टीम ने इस मैदान पर केवल दो टेस्ट मैच जीते थे। पहली बार भारत ने 1986 में कपिल देव की कप्तानी में लॉर्ड्स में इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया था। इसके बाद 2014 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने लॉर्ड्स में दूसरी टेस्ट जीत हासिल की। भारतीय टीम ने इस मुकाबले में इंग्लैंड को 95 रनों से मात दी थी।

सात साल बाद 2021 में विराट कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने एक बार फिर लॉर्ड्स पर इतिहास रचा। इस मुकाबले में भारत की जीत के सबसे बड़े नायक केएल राहुल रहे, जिन्होंने पहली पारी में शानदार शतक जड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। भारत और इंग्लैंड के बीच यह टेस्ट मैच 12 अगस्त 2021 को शुरू हुआ था। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। भारतीय टीम ने बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 364 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 391 रन बनाकर 27 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी।

इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में शानदार वापसी की और 298 रन बनाए। इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 272 रनों का लक्ष्य रखा लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दूसरी पारी में इंग्लैंड की पूरी टीम को महज 120 रन पर समेट दिया। इस तरह भारत ने 151 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

अन्य प्रमुख घटनाएंः

1777 - अमेरिका ने बेनिंगटन के युद्ध में ब्रिटेन को हराया।

1787 - तुर्की ने रूस के विरुद्ध युद्ध की घोषणा की।

1906 - चिली में 8.6 की तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें करीब 20 हजार लोग मारे गए।

1924 - नीदरलैंड और तुर्की के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर हुए।

1946 - मुस्लिम लीग का प्रत्यक्ष कारवाई दिवस का एलान, कोलकाता में हिंसा में हजारों लोग मारे गये और हजारों लोग घायल हुये।

1990 - चीन ने अपना पहला परमाणु परीक्षण किया।

1994 - आईबीएम का साइमन पर्सनल कम्युनिकेटर पहला स्मार्टफोन के रूप में बिक्री के लिए उपलब्ध हुआ।

2001 - हबल अंतरिक्ष टेलिस्कोप का इस्तेमाल करके सौर मंडल के बाहर स्थित एक ग्रह को खोजा गया।

2003 - लीबिया ने लाकरवी बम विस्फोट की जिम्मेदारी ली।

2004 - आस्ट्रेलियाई और अमेरिकी टीम ने ओलम्पिक नौकायन में विश्व रिकार्ड कायम किया।

2008 - कांगो में तैनात 125 भारतीय पुलिस अफसरों को संयुक्त राष्ट्र शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

2009 - उसेन बोल्ट ने 100 मीटर में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।

2009- रूस में अभ्यास के दौरान दो सुखोई विमानों की आकाश में टक्कर।

2012 - विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे को इक्वाडोर ने राजनीतिक शरण दी।

2021 - मलेशिया के प्रधानमंत्री मुहिद्दीन यासीन इस्तीफा ने दिया।

जन्म

1904 - सुभद्रा कुमारी चौहान- स्वतंत्रता सेनानी, सुप्रसिद्ध कवयित्री।

1920 - कोटला विजय भास्कर रेड्डी- आंध्र प्रदेश के 9वें मुख्यमंत्री थे।

1928 - रजनी कोठारी- प्रसिद्ध शिक्षाविद, लेखक, राजनीतिक सिद्धांतकार तथा राजनीति विज्ञानी।

1970 - सैफ अली खान- अभिनेता।

1970 - मनीषा कोइराला- अभिनेत्री।

2001 - लक्ष्य सेन- भारत के प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी।

निधन

1991- सी. अच्युत मेनन- राजनीतिज्ञ तथा केरल के भूतपूर्व मुख्यमंत्री।

1997- नुसरत फतेह अली खान- ख्यातिप्राप्त पाकिस्तानी गायक।

2001- अन्ना मणी- भारतीय भौतिक और मौसम वैज्ञानिक।

2018- अटल बिहारी वाजपेयी- भारत के पूर्व प्रधानमंत्री।

2020- चेतन चौहान- पूर्व भारतीय क्रिकेटर।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.