August 25, 2026

रक्षाबंधन पर रिश्ते की मिठास को और खास बनाने के लिए घर की बनी मिठाई -गुलाब जामुन

रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते की मिठास को और खास बनाने के लिए घर की बनी मिठाई से बेहतर क्या हो सकता है। इस बार बाजार से मिठाई खरीदने के बजाय आप घर पर ही स्वादिष्ट मावा गुलाब जामुन तैयार कर सकती हैं। ताजा मावा, पनीर और कुछ सामान्य सामग्री से बनने वाले ये गुलाब जामुन सही तरीके से बनाए जाएं तो नरम, रसीले और चाशनी से भरपूर बनते हैं। इस रेसिपी में गुलाब जामुन को स्वादिष्ट बनाने के लिए इलायची और केसर वाली चाशनी तैयार की जाती है। वहीं चाहें तो गुलाब जामुन के अंदर बारीक कटे मेवों की स्टफिंग भी की जा सकती है।

गुलाब जामुन के लिए जरूरी सामग्री ताजा मावा (खोया) – 250 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर – 50 ग्राम मैदा – 3 से 4 चम्मच बेकिंग सोडा – 1 चुटकी चीनी – 2 कप यानी करीब 400 ग्राम पानी – 2 कप इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच केसर के धागे – 8 से 10 बारीक कटे मेवे – 1 बड़ा चम्मच तलने के लिए देसी घी या तेल पहले तैयार करें केसर-इलायची की चाशनी गुलाब जामुन बनाने की शुरुआत चाशनी से करें। एक गहरे बर्तन में चीनी और पानी डालकर तेज आंच पर उबालें। चीनी घुलने के बाद आंच मध्यम कर दें और करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं।

चाशनी को बहुत ज्यादा गाढ़ा करने की जरूरत नहीं है। जब यह हल्की चिपचिपी लगे, तब इसमें इलायची पाउडर और केसर के धागे डालें। अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें और चाशनी को ढककर रख दें। मावा-पनीर से तैयार करें नरम डो अब एक चौड़ी प्लेट में मावा और कद्दूकस किया हुआ पनीर लें। दोनों को हथेली के निचले हिस्से से करीब 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह मसलें। इसका उद्देश्य मिश्रण को एकदम चिकना करना है, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे।

इसके बाद इसमें मैदा और एक चुटकी बेकिंग सोडा डालकर हल्के हाथों से मिलाएं। इससे नरम डो तैयार करें। मिश्रण को जरूरत से ज्यादा न गूंथें। बनाएं गुलाब जामुन की गोलियां तैयार डो को बराबर हिस्सों में बांटकर छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें हथेलियों के बीच हल्के दबाव के साथ गोल आकार दें। गोलियों की सतह बिल्कुल चिकनी होनी चाहिए और उनमें दरार नहीं होनी चाहिए। दरार रहने पर तलते समय गुलाब जामुन फट सकते हैं। अगर आप इन्हें और खास बनाना चाहती हैं, तो हर बॉल के बीच थोड़ा बारीक कटा मेवा रखकर स्टफिंग कर सकती हैं।

धीमी-मध्यम आंच पर तलना है जरूरी कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। इसे बहुत ज्यादा गर्म न करें। तापमान जांचने के लिए थोड़ा सा डो डालकर देख सकते हैं। अगर वह धीरे-धीरे ऊपर आए, तो गुलाब जामुन तलने के लिए तापमान उपयुक्त है। एक बार में करीब 5-6 गुलाब जामुन डालें। इन्हें चम्मच से सीधे चलाने के बजाय कड़ाही के घी या तेल को हल्का हिलाते रहें। इससे गुलाब जामुन चारों तरफ से समान रूप से सुनहरे-भूरे रंग के हो जाएंगे। चाशनी में भिगोने का समय न करें कम तले हुए गुलाब जामुन को निकालते ही हल्की गर्म चाशनी में डालते जाएं। इन्हें कम से कम 2 से 3 घंटे तक चाशनी में डूबा रहने दें। इस दौरान गुलाब जामुन चाशनी को अच्छी तरह सोख लेंगे और नरम व रसीले हो जाएंगे। रक्षाबंधन के मौके पर इस तरह घर पर तैयार किए गए मावा गुलाब जामुन भाई-बहन के त्योहार को और खास बना सकते हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.