August 25, 2026

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन में डी वॉल के निर्माण कार्य का किया शुभांरभ

नई दिल्ली, 25 अगस्त । दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को दिल्ली मेट्रो रेल निगम लिमिटेड (डीएमआरसी) के फेज 5 (ए) के तहत सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर पर शिवाजी मेट्रो स्टेडियम में नए भूमिगत मेट्रो स्टेशन की डी-वॉल (डायाफ्राम वॉल) के निर्माण कार्य शुभारंभ किया। उन्होंने इसे विकसित दिल्ली के लिए आधुनिक और निर्बाध कनेक्टिविटी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

उपराज्यपाल ने कहा कि आज शिवाजी स्टेडियम साइट पर काम शुरू होना दिल्ली मेट्रो के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मेट्रो के अस्तित्व में आने से पहले की दिल्ली को देखने के बाद इसके विस्तार ने वास्तव में शहर को बदल दिया है। हम इसके निरंतर प्रगति और विस्तार को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक सहयोग और समर्थन प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि आज सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के हिस्से के रूप में शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। शिवाजी स्टेडियम स्टेशन को फेज 5 (ए) के तहत मौजूदा मैजेंटा लाइन के जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक विस्तार के हिस्से के रूप में विकसित किया जा रहा है।

विज्ञप्ति के मुताबिक शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन एक भूमिगत स्टेशन होगा और एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज सुविधा के रूप में काम करेगा, जहां नए मैजेंटा लाइन स्टेशन को 230 मीटर लंबे भूमिगत सबवे के माध्यम से मौजूदा शिवाजी स्टेडियम एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन स्टेशन के साथ सहजता से एकीकृत किया जाएगा, जिससे दो मेट्रो कॉरिडोर के बीच सुविधाजनक इंटरचेंज संभव होगा।

इसके अलावा शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को राजीव चौक मेट्रो स्टेशन से 800 मीटर लंबे भूमिगत सबवे के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिसमें ट्रैवेलेटर लगे होंगे, जो दोनों स्टेशनों के बीच यात्रियों के लिए सहज और सुविधाजनक पैदल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। नए शिवाजी स्टेडियम स्टेशन पर डायाफ्राम वॉल लगभग 38 मीटर की गहराई पर होगी, जो 12 मंजिला इमारत की ऊंचाई के बराबर होगी। इतनी गहराई पर निर्माण इसलिए जरूरी हो गया है क्योंकि स्टेशन मौजूदा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के नीचे होगा। इसलिए, आगामी शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर निर्माण गतिविधियों में काम आगे बढ़ने के साथ निर्माण वाहनों की काफी आवाजाही होने की उम्मीद है। प्रति माह लगभग 3,000 क्यूबिक मीटर कंक्रीट के लिए प्रति माह लगभग 500 ट्रांजिट मिक्सर ट्रिप की आवश्यकता होगी, जबकि प्रति माह लगभग 15,000 क्यूबिक मीटर खुदाई के लिए प्रति माह लगभग 750 डंपर ट्रिप की आवश्यकता होगी, जिसके परिणामस्वरूप खुदाई की गई सामग्री के निपटान के लिए प्रति दिन 25 डंपर ट्रिप का उपयोग होगा। शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन से आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों, स्कूली छात्रों, बंगला साहिब गुरुद्वारा आने वाले श्रद्धालुओं और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी लाभ होने की उम्मीद है। मेसर्स एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को यहां निर्माण कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर लगभग 9.913 किमी तक फैला है और इसमें नौ भूमिगत स्टेशन होंगे, जिसमें शिवाजी स्टेडियम, युगे युगीन भारत, केंद्रीय सचिवालय, कर्तव्य भवन, इंडिया गेट, वार मेमोरियल-हाई कोर्ट, बड़ौदा हाउस, भारत मंडपम और इंद्रप्रस्थ शामिल है। सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर के तहत शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर काम शुरू होना मध्य नई दिल्ली में दिल्ली मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार में एक और मील का पत्थर है। इसी कॉरिडोर के तहत केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर निर्माण कार्य 24 जून 2026 को शुरू किया गया था।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.