August 31, 2026

ओरछा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का दूसरा दिन, कार्यकर्ताओं से जनसेवा और संगठन विस्तार का आह्वान

ओरछा/ भाेपाल, 31 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा को विकसित भारत के संकल्प से जोड़कर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक के दूसरे दिन सोमवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे

थे। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही नारायण सेवा है। इसी भाव के साथ संगठन को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री डाॅ. माेहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार व दुर्गादास उइके, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, राष्ट्रीय मंत्री व सांसद कविता पाटीदार तथा संसदीय बोर्ड के सदस्य सत्यनारायण जटिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा-सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की लोकसेवा यात्रा और इस अवधि में देश में हुए बदलावों को जनता के बीच ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर चल रहे ‘समरसता संकल्प’ कार्यक्रमों को भी सत्ता और संगठन मिलकर व्यापक स्तर पर आयोजित करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य अब केवल किसी एक दल या सरकार का नहीं, बल्कि देश के नागरिकों का साझा संकल्प है। जिस तरह स्वतंत्रता से पहले देश के सामने आजादी का स्पष्ट लक्ष्य था, उसी तरह अब विकसित भारत का लक्ष्य सामने है।

शिवप्रकाश ने कहा कि देश को छोटे लक्ष्य नहीं, बल्कि बड़े सपने देखने चाहिए। प्रधानमंत्री ने आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में देखने का लक्ष्य रखा है। कार्यकर्ताओं को इस लक्ष्य को जनआंदोलन का रूप देने के लिए पूरी ताकत से जुटना होगा।

‘निराशा के दौर से भारत को वैश्विक शक्ति तक पहुंचाया’

शिवप्रकाश ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन और गुजरात के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सार्वजनिक यात्रा लंबे संघर्ष और निरंतर सेवा से जुड़ी रही है। उन्होंने गुजरात भूकंप के बाद पुनर्निर्माण, सरदार सरोवर परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संकल्प लेकर उसे सिद्धि तक पहुंचाना प्रधानमंत्री के कार्यशैली की विशेषता रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2012 के आसपास देश में निराशा का वातावरण था, लेकिन इसके बाद भारत ने कई क्षेत्रों में नई गति हासिल की। उनके अनुसार, सरकार ने समाज के उन वर्गों को सम्मान और अवसर देने पर भी जोर दिया, जिन्हें लंबे समय तक उपेक्षित माना जाता रहा। दिव्यांगजनों और थर्ड जेंडर के सम्मान, महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और बैंकिंग से जुड़ाव को उन्होंने इसी दिशा में उठाए गए कदम बताया।

शिवप्रकाश ने कहा कि आज भारत अनेक क्षेत्रों में दुनिया के प्रमुख देशों के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहा है। अधोसंरचना, आर्थिक गतिविधियों, डिजिटल भुगतान और विभिन्न क्षेत्रों में भारत की क्षमता बढ़ी है। उन्होंने धारा 370 हटाने और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा और राष्ट्रीय हित से जुड़े मामलों में सरकार ने दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।

आत्मनिर्भर भारत से युवाओं और स्थानीय उद्यमों को अवसर

उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक आत्मनिर्भरता तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत की क्षमता को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना भी इसका उद्देश्य है। स्टार्टअप के विस्तार, रक्षा उपकरणों के निर्यात, यूपीआई के बढ़ते इस्तेमाल और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे युवाओं, स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को नए अवसर मिले हैं। शिवप्रकाश ने कहा कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को विकास के साथ जोड़ने का भी काम हो रहा है। धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास से रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिल रही है।

कार्यकर्ता निर्माण को संगठन की प्राथमिकता बनाएं

भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री मोदी के संगठन के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने को कहा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संवाद और नए कार्यकर्ताओं को तैयार करना संगठन की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आने वाली चुनौतियों को पहले से पहचानकर देश को उनके लिए तैयार करना जरूरी है। युवाओं के लिए नए अवसर, शिक्षा और कौशल विकास जैसे विषयों पर काम करते हुए भारत की भावी पीढ़ी को मजबूत बनाना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारत के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जुटने का आह्वान किया।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.