त्योहारी सीजन पर उत्तर रेलवे चलाएगा 500 विशेष ट्रेनें, पंजाब से बिहार तक यात्रियों को भीड़ से मिलेगी निजात
नई दिल्ली, 08 सितंबर । आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों के दौरान रेलगाड़ियों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 500 विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त मांग को पूरा करने और उन्हें सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ये विशेष रेलगाड़ियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएंगी।
उत्तर रेलवे के अनुसार, त्योहार विशेष ट्रेनों में वाराणसी-दिल्ली, अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल, चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर कैंट-पटना, नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल-पाटलिपुत्र सहित कई महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। इनमें 04209/04210 वाराणसी-दिल्ली-वाराणसी विशेष ट्रेन 50 फेरे, 04213/04214 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल 36 फेरे और 02456/02455 नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल 98 फेरे लगाएगी। वहीं 04014/04013 आनंद विहार टर्मिनल-लौका बाजार विशेष ट्रेन 150 फेरे संचालित करेगी।
इसके अलावा 04227/04228 वाराणसी-चंडीगढ़ 36 फेरे, 04008/04007 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी 10 फेरे, 04028/04027 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर 10 फेरे तथा 04010/04009 सीतामढ़ी-दिल्ली 12 फेरे लगाएगी।
रेलवे ने 02458/02457 आनंद विहार टर्मिनल-कानपुर सेंट्रल के 72 फेरे, 04314/04313 योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर के 18 फेरे और 04096/04095 आनंद विहार टर्मिनल-पाटलिपुत्र के 120 फेरे निर्धारित किए हैं। उत्तर रेलवे ने जानकारी दी कि इसके साथ ही विजयमंदिर-आनंद विहार और फिरोजपुर कैंट-पटना समेत अन्य मार्गों पर भी त्योहार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।