आआपा ने सत्यनिकेतन इलाके में कथित अवैध और अनऑथराइज्ड पीजी को लेकर विधायक अनिल शर्मा पर निशाना साधा।
नई दिल्ली, 10 सितंबर। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने सत्यनिकेतन इलाके में कथित अवैध और अनऑथराइज्ड पीजी को लेकर विधायक अनिल शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिल शर्मा पहले अपनी बिल्डिंग में पीजी संचालित होने से इनकार कर रहे थे, लेकिन अब रजिस्ट्री दिखाकर उसी संपत्ति को अपनी बिल्डिंग बता रहे हैं।
आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश से आए छात्रों के वायरल वीडियो में बार-बार नेताओं के पीजी चलने की बात सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्यनिकेतन इलाके में छात्रों के बीच डर का माहौल बनाया जा रहा है और स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें धमकाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
एक छात्रा के वायरल वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए भारद्वाज ने कहा कि छात्रों को कथित तौर पर धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिल शर्मा ने लगातार दो-तीन दिनों तक अपनी बिल्डिंग में पीजी होने से इनकार किया, जबकि बाद में पत्रकार वार्ता में रजिस्ट्री दिखाकर जमीन और बिल्डिंग को अपने परिवार से जुड़ा बताया।
आआपा प्रदेश अध्यक्ष ने अनिल शर्मा से रजिस्ट्री को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री सामने आने से यह स्पष्ट हो जाएगा कि जमीन कितने गज की है, जमीन कहां से आई और परिवार के पास कुल कितनी संपत्ति है।
सौरभ भारद्वाज ने सवालिया लहजे में पूछा कि संबंधित इमारत कमर्शियल उपयोग में है तो क्या उसका नक्शा एमसीडी से स्वीकृत है? उन्होंने कंप्लीशन सर्टिफिकेट और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट भी सार्वजनिक करने की मांग की। भारद्वाज ने कहा कि यदि नक्शा स्वीकृत नहीं है तो निर्माण को अनधिकृत माना जाना चाहिए और नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
भारद्वाज ने कहा कि सभी मामलों को लेकर पार्टी रेवेन्यू रिकॉर्ड और चूल्हा टैक्स से जुड़े दस्तावेज भी सामने रखेगी।
उन्होंने ने कहा कि अनिल शर्मा मानहानि का मुकदमा करना चाहते हैं तो वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन आआपा दस्तावेजों के साथ अपने आरोपों का जवाब देने को तैयार है।