September 10, 2026

युवा केवल रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें: नितिन नवीन

हल्द्वानी, 10 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खुले हैं। आज का युवा केवल रोजगार प्राप्त करने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसरों का सृजन करने वाला भी बन रहा है।

अध्यक्ष नितिन नवीन ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से करियर, रोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों से जुड़े सवाल पूछे तथा सरकार की योजनाओं को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की युवा शक्ति को नई दिशा देने के साथ युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुरूप आगे बढ़ने का मंच दिया है।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नवाचार और डिजिटल तकनीक जैसे क्षेत्रों में संभावनाएं बढ़ रही हैं। उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं तथा उनकी ऊर्जा को प्रदेश के विकास से जोड़कर राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

अध्यक्ष नवीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना महत्वपूर्ण है। युवाओं के विचार और आकांक्षाएं प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि यह एक सशक्त माध्यम है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए सभी देशवासियों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में समय प्रबंधन भी अत्यंत महत्वपूर्ण है और सफलता के लिए समय का सदुपयोग आवश्यक है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश और उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है। उनकी सरकार ने चार जुलाई 2021 को जिम्मेदारी संभालने के बाद इस संकल्प के साथ काम किया कि ‘‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं।’’

धामी ने कहा कि सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया है और अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित न रखते हुए स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराने पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक पदक जीतना राज्य की बढ़ती खेल प्रतिभा का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नवाचार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.