September 15, 2026

रूस-ईरान कनेक्शन पर अमेरिका की कार्रवाई, वीटीबी बैंक पर लगाया नया प्रतिबंध

वॉशिंगटन, 15 सितंबर। अमेरिका ने रूस के प्रमुख वित्तीय संस्थानों में शामिल वीटीबी बैंक पर ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद करने के आरोप में नए प्रतिबंध लगाए हैं। अमेरिकी अधिकारियों का आरोप है कि वीटीबी ने ईरान की अरबों डॉलर की फ्रीज संपत्तियों को स्थानांतरित करने में मदद की और प्रतिबंधित ईरानी वित्तीय संस्थानों के साथ बैंकिंग संबंध स्थापित किए।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि वीटीबी ने ईरान में कार्यालय खोले और प्रतिबंधों का सामना कर रहे ईरानी वित्तीय संस्थानों के साथ कारोबारी संबंध बनाए। विभाग के मुताबिक बैंक ने ईरान की अरबों डॉलर की संपत्तियों को इधर-उधर करने में भी भूमिका निभाई।

अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि वह उन वित्तीय माध्यमों को बंद करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिनका इस्तेमाल ईरानी सरकार कथित तौर पर आतंकवाद के वित्तपोषण और क्षेत्रीय अस्थिरता फैलाने के लिए करती है।

अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के अनुसार, वीटीबी ने ईरान की फ्रीज की गई अरबों डॉलर की संपत्तियों के हस्तांतरण में सहायता की और ईरान में अपनी वित्तीय मौजूदगी बढ़ाई।

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद 2022 में अमेरिका ने वीटीबी बैंक पर पहले ही प्रतिबंध लगा दिए थे। मौजूदा प्रतिबंधों के तहत अमेरिकी नागरिकों और संस्थानों के लिए बैंक के साथ लेन-देन करना प्रतिबंधित है। हालिया कार्रवाई के जरिए अमेरिका ने ईरान और रूस के बीच बढ़ते वित्तीय संपर्क पर भी निशाना साधा है।

अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कार्रवाई को पिछले महीने शुरू की गई 'ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट' पहल से जोड़ते हुए कहा कि ट्रेजरी उन लोगों और संस्थाओं को निशाना बनाना जारी रखेगा, जो ईरानी सरकार को उसकी गतिविधियों को जारी रखने के लिए वित्तीय, तकनीकी या अन्य सहायता उपलब्ध कराते हैं।

अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि ईरान की मदद करने वाले नेटवर्क की पहचान कर उन्हें अलग-थलग करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है। वॉशिंगटन का आरोप है कि ऐसे वित्तीय नेटवर्क ईरानी सरकार को प्रतिबंधों के बावजूद अपनी गतिविधियों को जारी रखने में मदद करते हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.