कोलकाता स्थित बिस्कुट और बेकरी ब्रांड अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आईपीओ के लिए सेबी के पास फाइल किया डीएचआरपी
नई दिल्ली, 26 सितंबर । कोलकाता स्थित बिस्कुट और बेकरी ब्रांड अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए फंड जुटाने के लिए पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) दाखिल किया है।
पूंजी बाजार नियामक सेबी के पास जमा मसौदा दस्तावेज के अनुसार कोलकाता स्थित बिस्कुट और बेकरी ब्रांड अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 5 रुपये फेस वैल्यू वाले इस आईपीओ में कोई भी नया शेयर (फ्रेश इश्यू) जारी नहीं किया जाएगा। अनमोल इंडस्ट्रीज लिमिटेड के मुताबिक यह पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) पर आधारित होगा।
कंपनी की योजना इस आईपीओ के जरिए 1,800 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी में लगभग 84 फीसदी हिस्सेदारी रखने वाला बैजनाथ चौधरी एंड फैमिली ट्रस्ट ही इसमें एकमात्र सेलिंग शेयरहोल्डर है। प्रमोटर बैजनाथ चौधरी और फैमिली ट्रस्ट के द्वारा 1,800 करोड़ रुपये तक के इक्विटी शेयरों की बिक्री (ऑफर-फॉर-सेल) की जाएगी। कंपनी को इससे कोई नया फंड नहीं मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि साल 2009 में बनी यह कंपनी भारत में ब्रांडेड पैकेज्ड फूड्स कंपनी है, जो एस्पिरेशनल और प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर फोकस करती है। बिस्कुट और कुकीज़ कैटेगरी में इसकी मजबूत मौजूदगी है और केक, बेकरी प्रोडक्ट्स, चॉकलेट-कोटेड वेफर्स और भारतीय मिठाइयों में भी इसकी मौजूदगी बढ़ रही है।