September 28, 2026

डेविड बून बने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम चेयरमैन

मेलबर्न, 28 सितंबर । क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड बून को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया है। वह 28 अक्टूबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। मौजूदा चेयरमैन माइक बेयर्ड के बोर्ड की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद पद छोड़ने के फैसले के बाद बून को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया है।

बेयर्ड पिछले छह वर्षों से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड में शामिल थे और फरवरी 2023 से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्होंने बोर्ड को बताया कि वह दोबारा नियुक्ति के लिए अपना नाम नहीं देंगे और एजीएम के बाद पद से हट जाएंगे।

बून ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा, “क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। यह क्रिकेट के लिए बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण समय है। मैं बोर्ड का नेतृत्व करते हुए ऐसे फैसले लेने के लिए उत्सुक हूं, जो ऑस्ट्रेलिया में क्रिकेट के दीर्घकालिक स्वास्थ्य और विकास को सुनिश्चित करें तथा वैश्विक स्तर पर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाएं।”

बून फरवरी 2025 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड में शामिल हुए थे। इससे पहले वह नौ वर्षों तक क्रिकेट तस्मानिया के निदेशक रहे, जिसमें तीन वर्ष उन्होंने चेयरमैन के रूप में भी काम किया। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बून के पास क्रिकेट प्रशासन का भी लंबा अनुभव है। वह आईसीसी मैच रेफरी के रूप में काम कर चुके हैं और क्रिकेट तस्मानिया के क्रिकेट महाप्रबंधक भी रह चुके हैं। वह 2000 से 2011 तक ऑस्ट्रेलियाई चयन पैनल के सदस्य भी रहे।

बून ने माइक बेयर्ड के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जमीनी स्तर के क्लबों से लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और आईसीसी बोर्ड तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम किया।

वहीं, पद छोड़ रहे बेयर्ड ने कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालने के लिए डेविड बून का तैयार होना स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि वह आने वाले हफ्तों में बून के साथ जिम्मेदारियों के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, स्थायी चेयरमैन की नियुक्ति के लिए प्रक्रिया एजीएम के बाद आने वाले महीनों में शुरू की जाएगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.