September 30, 2026

यूनिटेक फाइबर्स की स्टॉक मार्केट में मजबूत शुरुआत, मुनाफे में आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली, 30 सितंबर । प्लास्टिक कचरा और पुराने पीईटी बोतलों को रिसाइकल कर हाई क्वालिटी के पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर (आरपीएसएफ) तैयार करने वाली कंपनी यूनिटेक फाइबर्स लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूती के साथ एंट्री की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 88 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 2.27 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 90 रुपये के स्तर पर हुई।

मजबूत लिस्टिंग के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसके कारण इस शेयर की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही लिवाली के सपोर्ट से कंपनी के शेयर उछल कर 93.60 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गए। हालांकि इसके बाद कुछ मुनाफावसूली भी देखने को मिली। दोपहर 12:30 बजे कंपनी के शेयर 92.25 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशक प्रति शेयर 4.25 रुपये यानी 4.83 प्रतिशत के फायदे में हैं।

कारोबार के दौरान यूनिटेक फाइबर्स के शेयर आज लाल निशान में 86.03 रुपये के निचले स्तर तक भी पहुंचे। दोपहर 12:30 बजे तक बीएसई पर कंपनी के 12,25,600 शेयरों में कारोबार हो चुका था और कारोबार का कुल वैल्यू 11.30 करोड़ रुपये रहा था। इस समय शेयर का वॉल्यूम वेटेड एवरेज प्राइस (वीडब्लूएपी) 90.06 रुपये के स्तर पर था।

इस कंपनी का लगभग 34 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 से 25 सितंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 3.16 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 2.94 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 4.88 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 2.72 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 39,16,800 शेयर जारी किए गए हैं। इनमें 37,16,800 नए शेयर जारी किए गए हैं, जिनकी इश्यू प्राइस के हिसाब से वैल्यू लगभग 33 करोड़ रुपये है। इसके अलावा 2 लाख शेयर मार्केट मेकर के लिए रिजर्व रखे गए हैं। कंपनी का यह इश्यू पूरी तरह फ्रेश कैपिटल इश्यू था और इसके तहत ऑफर फॉर सेल के जरिए कोई शेयर नहीं बेचा गया है।

यूनिटेक फाइबर्स लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत में उतार-चढ़ाव होता रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 7.42 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 8.22 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 7.60 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी उतार-चढ़ाव होता रहा। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 204.99 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 227.13 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 224.86 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था।

इस अवधि में कंपनी पर लदे कर्ज के बोझ में लगातार बढ़ोतरी होती रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 15.72 करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 36.64 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो इस दौरान कंपनी पर लदे कर्ज का बोझ जोरदार उछाल के साथ 77.19 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में लगातार बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 49.18 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का नेटवर्थ बढ़ कर 57.40 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में ये 65 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो इस अवधि में कंपनी को इस मोर्चे पर भी सफलता मिली। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 38.68 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस जबरदस्त बढ़ कर 46.90 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस उछल कर 54.49 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) 2023-24 में 16.78 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो 2024-25 में बढ़ कर 17.45 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का ईबीआईटीडीए फिसल कर 15.77 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.