October 02, 2026

स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान ने लॉन्च के महज 7 घंटे 55 मिनट बाद आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल के फॉरवर्ड पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉकिंग की।

वॉशिंगटन, 02 अक्टूबर । नासा का स्पेसएक्स क्रू-13 मिशन गुरुवार को रिकॉर्ड समय में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पहुंच गया। स्पेसएक्स के ड्रैगन अंतरिक्ष यान ने लॉन्च के महज 7 घंटे 55 मिनट बाद आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल के फॉरवर्ड पोर्ट पर सफलतापूर्वक डॉकिंग की। नासा के अनुसार, यह आईएसएस के इतिहास में किसी अमेरिकी अंतरिक्ष यान का सबसे तेज लॉन्च-टू-डॉकिंग समय है।

तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू

के मुताबिक, क्रू-13 मिशन को लेकर स्पेसएक्स का फाल्कन-9 रॉकेट गुरुवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11:10 बजे फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन स्थित स्पेस लॉन्च कॉम्प्लेक्स-40 से रवाना हुआ। ड्रैगन अंतरिक्ष यान में नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका वॉटकिंस और ल्यूक डेलानी, कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी (सीएसए) के अंतरिक्ष यात्री जोशुआ कुट्रिक तथा रूस की रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट सर्गेई टेटेरियाटनिकोव सवार थे।

लॉन्च के बाद फाल्कन-9 का पहला चरण दूसरे चरण से अलग हुआ और सफलतापूर्वक केप कैनावेरल स्थित स्पेसएक्स के लैंडिंग जोन-40 में वापस उतरा। इसके बाद ड्रैगन अंतरिक्ष यान दूसरे चरण से अलग होकर अपनी कक्षा में पहुंचा और आईएसएस की ओर बढ़ा।

ड्रैगन ने शाम 7:05 बजे पर आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल के फॉरवर्ड पोर्ट से डॉकिंग की। नासा ने बताया कि लॉन्च से डॉकिंग तक कुल समय 7 घंटे 55 मिनट रहा, जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाला किसी अमेरिकी अंतरिक्ष यान का अब तक का सबसे तेज सफर है।

डॉकिंग के बाद अंतरिक्ष यात्रियों ने आवश्यक लीक चेक और प्रेशराइजेशन प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद रात 9:19 बजे पर ड्रैगन का हैच खोला गया और चारों अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के अंदर पहुंचे।

क्रू-13 अब आईएसएस पर मौजूद अभियान 75 दल में शामिल हो गया है। इस दल में नासा के जेसिका मीर, जैक हैथवे और अनिल मेनन, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी की सोफी एडेनोट तथा रोस्कोस्मोस के प्योत्र डुब्रोव, अन्ना किकिना और आंद्रेई फेड्याएव शामिल हैं।

नासा के अनुसार, क्रू-13 मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्री माइक्रोग्रैविटी में वैज्ञानिक अनुसंधान, मानव स्वास्थ्य और पौधों की वृद्धि से जुड़े प्रयोगों के साथ कई तकनीकी परीक्षण करेंगे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.