68500 शिक्षक भर्ती: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दिया आश्वासन, लागू होगी पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट
लखनऊ, 09 अक्टूबर । 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण विसंगति दूर करने और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को अभ्यर्थियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आवास का घेराव किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि आपका मामला हमारे संज्ञान में है और अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन कराया जाएगा और किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने जल्द ही समस्याओं का समाधान कर पात्र अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की बात कही। मुलाकात के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों को मिठाई खिलाई और पानी भी पिलाया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह ने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण नियमों के पालन में कथित विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का दरवाजा खटखटाया था। आयोग ने संबंधित विभाग को आदेश दिया कि ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी मानते हुए पूर्णांक 150 में से 60 अंक अर्थात् 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित कर नियुक्ति दी जाये। और आरक्षण विसंगति करने वाले दोषी अधिकारियों पर कार्यवाही की जाये। लेकिन अब तक आदेश के अनुरूप अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
नेतृत्वकर्ता सहयोगी आशुतोष वर्मा ने कहा कि हम अभ्यर्थी लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सरकार और संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है। इसी क्रम में ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास का घेराव किया गया।
आज धरने में नवीन चौधरी, अखिल कुमार, नसीम, रंजना जायसवाल, शिववीर, उमेश गुप्ता, विनोद प्रजापति, प्रतिमा कुशवाहा, राकेश शाहनी, सुमन, किरन मौर्या, रीना कुशवाहा, राजेंद्र वर्मा, रामप्रवेश, मनीष पटवा, अवधेश शाक्य, ऋषिता पाल, सच्चिदानंद सहित हजारों की संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।