October 16, 2026

भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला आज

रायपुर 16 अक्टूबर। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का पहला मुकाबला आज शुक्रवार काे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला शाम 7 बजे से शुरू होगा। रायपुर में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का आयोजन हो रहा है। वहीं, नियमित कप्तान के रूप में स्मृति मंधाना के नेतृत्व में भारतीय टीम पहली बार मैदान पर उतरेगी।

जिम्बाब्वे की महिला टीम के लिए इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में प्रदर्शन चुनौतीपूर्ण रहा है। टीम ने इस वर्ष 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है। टीम को पिछली जीत सितंबर 2025 में नामीबिया के खिलाफ मिली थी। दूसरी ओर, भारतीय टीम लगातार आठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीतकर इस सीरीज में उतरेगी। भारतीय टीम ने हाल ही में एशिया कप का खिताब और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है।

भारतीय टीम की बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा अहम भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने इस वर्ष 24 टी-20 मुकाबलों में 162.83 के स्ट्राइक रेट से 863 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 100 रन रहा है। वह इस सीरीज में उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।

गेंदबाजी में श्री चरणी भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं। उन्होंने इस वर्ष 23 मुकाबलों में 47 विकेट हासिल किए हैं और उनकी इकोनॉमी 5.67 रही है। इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाजों में उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है।

जिम्बाब्वे की ओर से केलिस एनधलोवु पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी रहेगी। उन्होंने इस वर्ष 18 टी-20 मुकाबलों में 320 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 104.23 रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछले मुकाबले में उन्होंने 48 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली थी।

गेंदबाजी में मिचेल मवुंगा से टीम को उम्मीदें रहेंगी। उन्होंने 10 मुकाबलों में आठ विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 46 रन देकर तीन विकेट रहा है।

भारतीय टीम के लिए प्लेइंग इलेवन का चयन भी अहम होगा। जेमिमा रोड्रिग्स हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रही हैं और इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में तीसरे नंबर पर अनुष्का शर्मा या निकी प्रसाद को मौका मिल सकता है। दोनों खिलाड़ियों ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है।

रायपुर में अब तक पुरुषों के दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। इस वर्ष जनवरी में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 208 रन का लक्ष्य हासिल किया था। ऐसे में पहले मुकाबले में बड़े स्कोर की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

मौसम की बात करें तो मैच के दौरान आसमान साफ रहने का अनुमान है। दिन में तापमान करीब 33 डिग्री और शाम को लगभग 28 डिग्री रहने की संभावना है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत: स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, अनुष्का शर्मा/निकी प्रसाद, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़।

जिम्बाब्वे: केलिस एनधलोवु, बिलव्ड बीजा, चिपो मुगेरी-तिरिपानो, क्रिस्टीन मुतासा, न्याशा ग्वांजुरा, चिएड्जा धुरुरु, मोडेस्टर मुपाचिकवा (विकेटकीपर), जोसेफिन एनकोमो (कप्तान), कुडजई चिगोरा, लोरिन फिरी और नोमवेलो सिबांडा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.