October 17, 2026

संदीप रेड्डी वांगा ने की विजय देवरकोंडा की तारीफ

मुंबई, 17 अक्टूबर । विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'रणबाली' को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। इस बीच फिल्म निर्माता और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा ने विजय के अभिनय और एक्शन की सराहना की है।

'एनिमल' के निर्देशक ने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए विजय को भारतीय सिनेमा का अगला बड़ा एक्शन हीरो बताया। संदीप की इस प्रतिक्रिया के बाद विजय ने भी उनका आभार जताया।

संदीप ने अपने पोस्ट में विजय के एक्शन अंदाज की तारीफ करते हुए कहा कि उनके लड़ने के तरीके में ऐसी स्वाभाविक आक्रामकता और तेजी है, जिसे बनावटी तरीके से पैदा नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वास जताया कि विजय भारतीय सिनेमा के बेहतरीन एक्शन सितारों में अपनी जगह बनाएंगे। साथ ही उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील भी की। संदीप ने फिल्म में रश्मिका मंदाना के अभिनय की भी प्रशंसा की और उनके 'जयम्मा' किरदार को वास्तविक तथा भावनात्मक रूप से प्रभावशाली बताया।

संदीप की तारीफ का जवाब देते हुए विजय ने उनका संदेश शेयर किया और खुशी जाहिर की। अभिनेता ने लिखा कि सुबह उठकर संदीप का इतना उत्साहपूर्ण संदेश पढ़ना उनके लिए बेहद खूबसूरत अनुभव रहा। 'रणबाली' एक पीरियड एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें विजय और रश्मिका प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाओं के बीच संदीप की सराहना ने इसे मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना दिया है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.