October 20, 2026

कोरबा के करतला में मादा हाथी ने दिया शावक को जन्म, ड्रोन से रखी जा रही नजर

कोरबा, 20 अक्टूबर । छत्तीसगढ़ के कोरबा वनमंडल अंतर्गत करतला वन परिक्षेत्र के ग्राम सजापानी में मंगलवार सुबह एक मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया। बीट लबेद क्षेत्र में हाथी के शावक के जन्म की सूचना मिलते ही वन विभाग का मैदानी अमला सक्रिय हो गया। नवजात शावक और हाथियों के झुंड की सुरक्षा के साथ आसपास के ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा निगरानी बढ़ा दी गई है। क्षेत्र में लगातार मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है, वहीं ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे ग्राम सजापानी में मादा हाथी द्वारा शावक को जन्म दिए जाने की सूचना मिली। सुबह गश्त और हाथी ड्यूटी पर तैनात वनकर्मियों को सबसे पहले इसकी जानकारी हुई। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर मौजूद मैदानी अमले ने आवश्यक सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए। वन विभाग की टीम क्षेत्र में सक्रिय रहकर हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।

नवजात शावक की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। शावक के जन्म के बाद मादा हाथी और उसके झुंड के आसपास लोगों की आवाजाही से खतरा उत्पन्न हो सकता है। ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही ग्रामीणों और हाथियों, दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने आसपास के गांवों और प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराने की व्यवस्था की है।

वन विभाग के कर्मचारी ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और विभागीय निर्देशों का पालन करने की समझाइश दे रहे हैं। हाथियों के झुंड की स्थिति और गतिविधियों की जानकारी जुटाने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही है, ताकि क्षेत्र की परिस्थितियों पर नजर रखी जा सके और आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जा सकें।

कोरबा वनमंडल के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों के झुंड या नवजात शावक को देखने के लिए जंगल की ओर न जाएं और न ही हाथियों के नजदीक पहुंचने का प्रयास करें। हाथियों को घेरने, उन्हें परेशान करने या उनके रास्ते में बाधा डालने से बचें। यदि किसी क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना वन विभाग को दें।

वन विभाग की टीम करतला परिक्षेत्र के सजापानी और आसपास के इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। विभाग का प्रयास है कि नवजात शावक और हाथियों का झुंड सुरक्षित रहें तथा किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों से सतर्कता बरतने और वन विभाग के साथ सहयोग करने की अपील की गई है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.