October 26, 2026

करोल बाग से लौट रहे युवक को पीटकर मोबाइल व नकदी लूटी, तीन पकड़े गए

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर । करोल बाग मार्केट से घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट करने और मोबाइल एवं नकदी लूटने के मामले को देशबंधु गुप्ता रोड थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को पकड़ा है।

पुलिस ने लूटा गया वीवो वाई-58 मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। हालांकि, शिकायतकर्ता से लूटे गए 2,000 रुपये बरामद होने की जानकारी नहीं दी गई है।

पुलिस के मुताबिक इसी माह 11 अक्टूबर शाम करीब 7:30 बजे शिकायतकर्ता करोल बाग मार्केट से अपने घर माणकपुरा लौट रहा था। वह अजमल खान पार्क के पास ईस्ट पार्क रोड पर टीटी गारमेंट्स के नजदीक पहुंचा, तभी तीन लड़कों ने उसे घेर लिया। आरोपित घटनास्थल से करीब 100 मीटर पीछे से ही उस पर नजर रख रहे थे और उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने युवक के साथ मारपीट की और उसका वीवो वाई-58 मोबाइल फोन तथा 2,000 रुपये लूट लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

बाद में देशबंधु गुप्ता रोड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात को सुलझाने के लिए थाने की क्रैक टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और निगरानी के दौरान पुलिस को एक यूपीआई ट्रांजैक्शन से अहम सुराग मिला। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और उनके ठिकानों का पता लगाया गया। आरोपितों में रोहित उर्फ सुमित (18) और कृष्णा (19) है जबकि नाबालिग 15 साल का है।

इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों को उनके घरों से पकड़ लिया। रोहित उर्फ सुमित मूल रूप से सदर थाना रोड स्थित मोतिया खान का रहने वाला है, जबकि कृष्णा मंगोलपुरी में रहता है। पकड़ा गया नाबालिग भी मोतिया खान का रहने वाला है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर जल्दी और गलत तरीके से पैसा कमाने के लिए लूट करने की बात बताई। पुलिस ने उनके पास से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, नाबालिग को कानून के प्रावधानों के तहत कार्रवाई के बाद बाल पर्यवेक्षण गृह भेजा गया है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.