November 06, 2026

हिमाचल में दिवाली के बाद बदलेगा मौसम, 12 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी के आसार

शिमला, 06 नवंबर । हिमाचल प्रदेश में दिवाली के बाद मौसम बदलने वाला है। राज्य में 9 नवंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिवाली के दिन 8 नवंबर को भी धूप खिली रहेगी, लेकिन इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 से 12 नवंबर तक मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश से ठंड बढ़ सकती है।

हालांकि, मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए भारी बारिश या बर्फबारी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। शुक्रवार को राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के मुकाबले 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा।

10 से 12 नवंबर तक पहाड़ों पर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में धूप खिली रहेगी। शिमला और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर भी शुक्रवार को धूप निकलने से मौसम सुहावना बना है। 8 नवंबर को दिवाली के दिन भी मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा। 10, 11 और 12 नवंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी हो सकती है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में इन तीन दिनों के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी से पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान गिरने के साथ ठंड बढ़ सकती है।

कुकुमसेरी में माइनस 2 डिग्री पहुंचा पारा

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को लाहौल-स्पीति जिले का कुकुमसेरी राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद ताबो में 0.2, केलांग में 0.3, कल्पा में 3.0, मनाली में 6.1, सेओबाग में 6.8, बजौरा में 6.9, भुंतर में 7.6, सोलन में 8.2, कुफरी में 8.5 और सुंदरनगर में 9.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।

इसी तरह चंबा में 9.3, पालमपुर में 10.2, मंडी में 10.3, बरठीं में 10.7, शिमला में 11.4, कांगड़ा और बिलासपुर में 11.5, धर्मशाला में 12.2, नाहन में 12.6, देहरा गोपीपुर में 13.0, ऊना में 13.2, जुब्बड़हट्टी में 13.5, नेरी में 15.1 और पांवटा साहिब में 18.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.