November 13, 2026

छठ पूजा- रस्मों, आस्था और लोगों के बीच इसके भावनात्मक महत्व को समझना बेहद खास रहा-अभिनेता आयुष्मान खुराना

मुंबई, 13 नवंबर । अभिनेता आयुष्मान खुराना पहली बार छठ पूजा के उत्सव और परंपराओं से जुड़े हैं। सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' के गाने 'बुलाए छठी मां' की शूटिंग के दौरान उन्हें इस पर्व को करीब से जानने और अनुभव करने का मौका मिला।

पंजाबी परिवार से आने वाले आयुष्मान ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कभी छठ पूजा नहीं मनाई थी। ऐसे में इस त्योहार की रस्मों, आस्था और लोगों के बीच इसके भावनात्मक महत्व को समझना उनके लिए बेहद खास रहा।

आयुष्मान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि छठ पूजा की हर रस्म के पीछे गहरी आस्था और भक्ति जुड़ी है। इस पर्व की सबसे खास बात उन्हें यह लगी कि यह लोगों को एक साथ जोड़ता है। अभिनेता के मुताबिक, उनके लिए यह केवल एक गाने की शूटिंग नहीं थी, बल्कि एक ऐसी परंपरा का हिस्सा बनने का अवसर था, जिससे वह पहले परिचित नहीं थे। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के विशेष दृश्य की शूटिंग से पहले निर्देशक सूरज बड़जात्या ने पूरी कास्ट को एक साथ बुलाकर छठ पूजा का गीत सुनाया। यह पल इतना भावुक था कि सभी की आंखें नम हो गईं। इस अनुभव ने पूरे दृश्य को उनके लिए और भी यादगार बना दिया।

'बुलाए छठी मां' गीत के जरिए फिल्म में छठ पूजा की आस्था, परंपराओं और सामूहिक भावना को दिखाया गया है। यह पर्व खासतौर पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में श्रद्धा के साथ मनाया जाता है, हालांकि देश के कई अन्य हिस्सों में भी इसकी व्यापक परंपरा है। 'ये प्रेम मोल लिया' में आयुष्मान के साथ शरवरी नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए वह पहली बार सूरज बड़जात्या के निर्देशन में काम कर रहे हैं। बड़जात्या अपने सिनेमा में परिवार, रिश्तों और भारतीय परंपराओं को खास जगह देने के लिए जाने जाते हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.