वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन घंटे बाद पाया काबू
नई दिल्ली, 20 नवंबर । दिल्ली स्थित वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार देर रात बर्तन बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग फैक्ट्री की पहली, दूसरी और तीसरी मंजिल के अलावा छत तक फैल गई। छत पर टिन की चादरों का शेड बना हुआ था। आग की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 10:03 बजे वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओल्ड स्टेट बैंक के पास एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इस दौरान कुल 18 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
फैक्ट्री में बेसमेंट के अलावा भूतल से तीसरी मंजिल तक निर्माण था। इसके ऊपर टिन शेड से ढकी छत थी। करीब 550 वर्ग गज क्षेत्र में बनी इस इमारत की पहली, दूसरी, तीसरी मंजिल और छत पर आग फैल गई थी। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग तरफ से आग बुझाने का अभियान चलाया। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात 01:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया।
राहत की बात है कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।