काेंड़ागांव विधायक ने केशकाल में ‘मोर सुआद’ कैंटीन का किया शुभारंभ
काेंड़ागांव, 21 नवंबर । जिले के केशकाल में महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मोर सुआद कैंटीन का शुभारंभ शनिवार को किया गया। काेंड़ागांव विधायक नीलकंठ टेकाम ने विधिवत रूप से कैंटीन का उद्घाटन किया। इस कैंटीन के संचालन की जिम्मेदारी महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपी जाएगी। इस पहल से क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही उन्हें अपनी आजीविका संचालित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त होगा।
मोर सुआद कैंटीन की शुरुआत महिलाओं को केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिला समूहों की कार्यक्षमता को बढ़ावा देना और उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जोड़ना भी है। महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से कैंटीन का संचालन होने से महिलाओं को सामूहिक रूप से काम करने, अपनी जिम्मेदारियां निभाने और स्वरोजगार के जरिए आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
इस प्रकार की पहल ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका को और मजबूत करने में सहायक हो सकती है। महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के माध्यम से खानपान से जुड़ी गतिविधियों का संचालन कर सकेंगी। इससे उन्हें परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी सहयोग मिलेगा। साथ ही स्थानीय नागरिकों को एक स्थान पर खानपान की सुविधा उपलब्ध होगी। महिला स्व-सहायता समूहों को इस प्रकार के कार्यों से जोड़ने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे आर्थिक गतिविधियों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकेंगी।