November 24, 2026

सीआईआई ने कहा कि सरकार के नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामकीय व्यवस्था में बदलावों से निजी निवेश के लिए मजबूत आधार तैयार|

नई दिल्ली, 24 नवंबर । देश में निजी क्षेत्र के निवेश प्रस्तावों में तेजी आई है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र की परियोजनाओं की घोषणाएं 26.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गईं, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 58.5 प्रतिशत अधिक हैं। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने इस पर कहा कि सरकार के नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामकीय व्यवस्था में बदलावों से निजी निवेश के लिए मजबूत आधार तैयार हुआ है। उद्योग जगत विकसित भारत के लक्ष्य को गति देने के लिए निवेश और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को प्रतिबद्ध है।

सीआईआई के अनुसार, उसके निजी निवेश बैरोमीटर के दूसरे संस्करण में सामने आया है कि वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में निजी क्षेत्र की परियोजना घोषणाएं वित्त वर्ष 2017 से 2025 की पहली छमाहियों के औसत से 4.4 गुना अधिक रहीं। कुल परियोजना घोषणाओं में निजी क्षेत्र की हिस्सेदारी भी एक साल पहले के 74.2 प्रतिशत से बढ़कर 86.2 प्रतिशत हो गई।

सीआईआई अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने कहा कि सरकार ने लगातार नीतिगत सुधारों, बुनियादी ढांचे के विकास और नियामकीय ढांचे में सुधार के जरिए निजी निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया है। वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद नीतियों में निरंतरता से उद्योग जगत का भरोसा बढ़ा है और दीर्घकालिक निवेश के फैसलों को लेकर स्पष्टता आई है। उन्होंने कहा कि निवेश घोषणाओं और वास्तविक पूंजी निर्माण, दोनों में इसके सकारात्मक संकेत दिख रहे हैं।

बैरोमीटर के अनुसार, करीब 1,800 सूचीबद्ध निजी कंपनियों का सकल पूंजी निर्माण वित्त वर्ष 2025-26 में 12.4 लाख करोड़ रुपये रहा, जो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 3.6 प्रतिशत है। वित्त वर्ष 2017 से 2021 के दौरान यह औसतन 2.2 प्रतिशत था। समान कंपनियों के आधार पर वित्त वर्ष 2025-26 में निवेश में 8.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसके अलावा 54 प्रतिशत कंपनियों ने अपने स्थायी निवेश की दर बढ़ाई, जबकि करीब तीन-चौथाई कंपनियों ने अपनी शुद्ध उत्पादक क्षमता में इजाफा किया। अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान निजी क्षेत्र की पूरी हुई परियोजनाओं का मूल्य 1.8 लाख करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2017 के बाद इस अवधि का सबसे अधिक स्तर है।

मुकुंदन ने कहा कि भारतीय उद्योग विनिर्माण, बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और उभरते क्षेत्रों में निवेश कर रहा है। कंपनियों की मजबूत वित्तीय स्थिति और देश की आर्थिक संभावनाओं में बढ़ते भरोसे से इस निवेश को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब उद्योग जगत की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। मुकुंदन ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उद्योग जगत को 'टीम भारत' के रूप में मिलकर काम करना होगा। इसके लिए निवेश और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी, गुणवत्तापूर्ण रोजगार का सृजन, उत्पादकता बढ़ाना, विनिर्माण और घरेलू आपूर्ति शृंखला को मजबूत करना तथा अनुसंधान और नवाचार में निवेश करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास, निर्यात विस्तार और वैश्विक मूल्य शृंखलाओं से जुड़ाव भी प्राथमिकताओं में शामिल होना चाहिए। इसके साथ स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव, उभरती प्रौद्योगिकियों को अपनाने, वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी भारतीय कंपनियां विकसित करने और विकास प्रक्रिया में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है।

बैरोमीटर में निवेश के बदलते स्वरूप का भी उल्लेख किया गया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में विनिर्माण क्षेत्र में 8.1 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा हुई, जो इसके ऐतिहासिक औसत से 3.2 गुना अधिक है। बिजली क्षेत्र में 7.7 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा की गई, जो ऐतिहासिक औसत से 5.1 गुना है। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में परियोजना घोषणाएं करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये रहीं। इनमें मुख्य रूप से डेटा सेंटर और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से जुड़ा बुनियादी ढांचा शामिल है। पिछले वर्ष की समान अवधि में इस क्षेत्र में 70 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा हुई थी।

सीआईआई ने वित्तीय बाजारों के आधुनिकीकरण और नियामकीय व्यवस्था को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। संगठन के अनुसार, भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) सहित नियामकों की परामर्श आधारित कार्यप्रणाली से पूंजी बाजार अधिक मजबूत और सक्षम बने हैं। दीर्घकालिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पूंजी जुटाने के लिए निवेशकों की सुरक्षा, बाजार की पारदर्शिता, नियामकीय स्थिरता और अनुपालन की उचित व्यवस्था जरूरी है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.