November 24, 2026

एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया का आईपीओ 27 नवंबर को होगा लॉन्च, 4 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग

नई दिल्ली, 24 नवंबर । नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस सेक्टर की कंपनी एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड का 35.64 करोड़ रुपये का आईपीओ 27 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 1 दिसंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 2 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 3 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 4 दिसंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के एसएमई प्लेटफॉर्म (एनएसई एसएमई) पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस फिक्स्ड प्राइस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 99 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को कम से कम दो लॉट यानी 2,400 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 2,37,600 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 36 लाख शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 28.91 करोड़ रुपये के 29.20 लाख नए शेयर (फ्रेश इश्यू) शामिल हैं, जबकि 6.73 करोड़ रुपये के 6.80 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए बेचे जा रहे हैं।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 13 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा 4.97 करोड़ रुपये जयपुर स्थित फैक्ट्री के भवन निर्माण, दो करोड़ रुपये मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए मशीनरी खरीदने और 60 लाख रुपये जयपुर फैक्ट्री की जमीन के बकाया भुगतान पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों के लिए उपयोग की जाएगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से मार्केट मेकर के लिए 1.80 लाख शेयर यानी 5 प्रतिशत हिस्सा आरक्षित रखा गया है। शेष 34.20 लाख शेयरों के नेट ऑफर में से नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए 50.04 प्रतिशत हिस्सा यानी 17,11,200 शेयर और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 49.96 प्रतिशत हिस्सा यानी 17,08,800 शेयर रिजर्व किए गए हैं। इस पूरे इश्यू के लिए होराइजन मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो सेबी में दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी की वित्तीय स्थिति लगातार मजबूत हुई है। इसके शुद्ध लाभ में लगातार जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 1.13 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में दोगुने से भी ज्यादा बढ़ कर 2.29 करोड़ रुपये रहा। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 166 प्रतिशत की छलांग के साथ 6.08 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 3.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका था।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में भी निरंतर तेजी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 22.09 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 28.18 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39.28 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 19.40 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी ने अपने ऊपर लदे कर्ज के बोझ को कम करने में भी सफलता हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 10.52 करोड़ रुपये का कर्ज था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में घट कर 8.96 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में और कम होकर 4.97 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। हालांकि, मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का कुल कर्ज बढ़ कर 8.15 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 19.83 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 21.26 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में और बढ़त के साथ 25.15 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 32.65 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो इसमें कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिला। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 2.40 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 4.70 करोड़ रुपये हो गया, लेकिन अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में यह 3.33 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक यह उछल कर 6.51 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया था।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 4.30 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 6.59 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में लगभग दोगुना होकर 12.91 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ और बढ़ कर 16.09 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 2.67 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 4.28 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह दोगुने से भी ज्यादा बढ़ कर 9.41 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 4.86 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

फरवरी, 2014 में स्थापित जयपुर मुख्यालय वाली एयरप्रो टेक्नोलॉजी इंडिया लिमिटेड एक टेक्नोलॉजी आधारित कंपनी है, जो वायर्ड और वायरलेस नेटवर्किंग प्रोडक्ट्स और सॉल्यूशंस के डिजाइन, असेंबली, वितरण और सर्विसिंग का काम करती है। कंपनी मुख्य रूप से वायरलेस एक्सेस पॉइंट्स, डब्ल्यूएलएएन कंट्रोलर, ईथरनेट स्विच, गेटवे, आउटडोर वायरलेस सॉल्यूशंस, 4जी/5जी सीपीई और इंडस्ट्रियल पीओई स्विच जैसे उत्पाद उपलब्ध कराती है। हार्डवेयर के अलावा कंपनी अपने क्लाउड-आधारित प्लेटफॉर्म एयरप्रोक्लाउड के जरिए नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर की रिमोट मॉनिटरिंग और प्रबंधन की सुविधा भी प्रदान करती है। कंपनी बी2बी मॉडल के तहत डिस्ट्रीब्यूटर्स और ई-कॉमर्स समेत ऑनलाइन चैनल पार्टनर्स के माध्यम से अपने उत्पादों की बिक्री करती है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.