November 26, 2026

आईएफएफआई के पांचवें दिन बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के पवेलियन में फिल्म जगत के लोगों ने फिल्म नीति की जानकारी प्राप्त की।

गोवा, 26 नवंबर । गोवा में संपन्न 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के पांचवें दिन बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के पवेलियन में फिल्म जगत के लोगों ने फिल्म नीति की जानकारी प्राप्त की। फिल्म निगम के परामर्शी (फिल्म) प्रो अरविंद रंजन दास ने पवेलियन आए लोगों को फिल्म नीति, शूटिंग की अनुमति और अनुदान की प्रक्रिया को समझाया।

बिहार पवेलियन पहुंचे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव पृथुल कुमार का अनुभव सागर सहित बिहार फिल्म निगम की टीम ने स्वागत किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अभिनेता पंकज झा का अभिनंदन किया। नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएफडीसी) के अधिकारियों ने बिहार फिल्म निगम के साथ मिलकर फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल परिस्थिति बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

पंकज झा ने कहा कि बिहार में हर तरह की फिल्में शूट हो सकती हैं। बिहार के सिनेमैटिक लोकेशन की वजह से फिल्मकार हमेशा से यहां शूट करते रहे हैं, यह जरूर है कि अनुदान मिलने की वजह से ज्यादा फिल्मों की शूटिंग होने लगी है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी स्कीम से आर्ट और नन-कमर्शियल फिल्मों को बढ़ावा मिलेगा और भोजपुरी, मैथिली जैसी भाषाओं में मानवीय मूल्य स्थापित करने वाली फिल्में बनेंगी। उन्होंने कहा कि फिल्म नीति की सब्सिडी स्कीम से फिल्मकारों को फिल्म निर्माण में प्रयोग करने की हिम्मत मिलेगी और वे नए विषयों पर लीक से हटकर फिल्में बना पाएंगे।

उन्होंने कहा कि यह कोशिश होनी चाहिए कि फिल्में दुःख और तकलीफ को भूलने भर का ही माध्यम बनकर नहीं रह जाए, बल्कि मानव जागृति का मजबूत स्तंभ बने।

फिल्म निगम के आमंत्रण पर बिहार पवेलियन पहुंचे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता कामाख्या नारायण सिंह को संचार सलाहकार कुमार गौरव ने आईएफएफआई में उनकी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2 गोज़ बियॉन्ड’ चयन के लिए बधाई दी और सम्मानित किया। वह फिल्म के लेखक और निर्देशक हैं। इस फिल्म को आईएफएफआई के इंडियन पैनोरमा खंड में चुना गया है। यह फिल्म महोत्सव की अंतर्राष्ट्रीय श्रेणी में भी प्रतिस्पर्धा कर रही है।

सनशाइन के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह द्वारा निर्मित इस फिल्म में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा, अदिति भाटिया, सुमित गहलावत और अर्जन औजला प्रमुख भूमिकाओं में हैं। बिहार के मूल निवासी कामाख्या नारायण सिंह राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता और पटकथा लेखक हैं। उनकी उल्लेखनीय कृतियों में फीचर फिल्म भोर और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डॉक्यूमेंट्री जस्टिस दिलेड बट डिलिवर्ड शामिल हैं।

पवेलियन में आए सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के छात्रों ने इन संस्थानों में अध्ययनरत बिहार के छात्रों को स्कॉलशिप देने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का धन्यवाद जताया। फिल्म निगम के संचार सलाहकार कुमार गौरव ने कहा कि एफटीआईआई और एसआरएफटीआई, और एनएसडी में फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले बिहार के छात्र संस्थान के माध्यम से फिल्म निगम को अपना आवेदन भेज सकते हैं। संबंधित संस्थान को छात्रवृत्ति की राशि भेजी जाती है।

संचार सलाहकार कुमार गौरव ने बिहार पवेलियन में आए आईएफएफआई गोवा में चयनित सेव द गॉड की टीम का स्वागत एवं निगम की ओर से बधाई दी। सुनील जैन और नीरज कुमार मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित फिल्म सेव द गॉडS का चयन 57वें अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), गोवा की गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में आधिकारिक रूप से किया गया है। नीरज कुमार मिश्रा द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस फिल्म में सान्या ठाकुर और कियांश संकलेचा ने प्रमुख भूमिकाएँ निभाई हैं। मुख्य अभिनेत्री सान्या और नीरज बिहार से हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.