April 17, 2026

धमतरी में एलपीजी गैस की किल्लत, सिलिंडर के लिए एजेंसियों के चक्कर लगा रहे उपभोक्ता

धमतरी, 17 अप्रैल । जिले में बीते एक माह से एलपीजी गैस की किल्लत ने आमजन की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि गैस सिलिंडर के लिए उपभोक्ताओं को सुबह से ही एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिला हो या पुरुष, हर कोई अपने जरूरी काम छोड़कर पहले सिलिंडर की व्यवस्था करने में जुटा नजर आ रहा है।

शहर के विभिन्न गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। स्थिति यह है कि उपभोक्ताओं ने सिलिंडर को ही कतार में रखकर नंबर लगाने का नया तरीका अपना लिया है, ताकि धूप से बचते हुए भी अपनी बारी सुनिश्चित कर सकें। उपभोक्ता रवि कुमार साहू, गणेश साहू और बेनीराम देवांगन ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग के लिए कॉल करने पर भी बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसियों द्वारा सर्वर डाउन होने की बात कही जा रही है, जिससे समस्या और बढ़ गई है।

गैस की कमी का सबसे ज्यादा असर घरेलू महिलाओं पर पड़ रहा है। कई घरों में समय पर भोजन नहीं बन पा रहा है, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में उपभोक्ताओं को एजेंसी के बाहर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 994 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम के व्यवसायिक सिलिंडर की कीमत 2355 रुपये निर्धारित है। जिले में 25 से अधिक गैस एजेंसियां संचालित हैं, इसके बावजूद आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। फिलहाल उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य होगी और उन्हें इस परेशानी से राहत मिलेगी, लेकिन यह समस्या कब तक बनी रहेगी, इस पर संशय बना हुआ है।

प्रतिदिन करीब 500 सिलिंडर की डिलीवरी हो रही है

इंडेन गैस के संचालक मोहन अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं को बारी-बारी से नियमित रूप से गैस सिलिंडर का वितरण किया जा रहा है और प्रतिदिन करीब 500 सिलिंडर की डिलीवरी हो रही है। हालांकि कंपनी द्वारा तकनीकी कारणों से सिस्टम लॉक किए जाने के चलते वितरण में देरी हो रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.