April 27, 2026

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने पांच दिवसीय हिमाचल प्रदेश दौरे पर शिमला पहुंच गईं।

शिमला, 27 अप्रैल । भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को अपने पांच दिवसीय हिमाचल प्रदेश दौरे पर शिमला पहुंच गईं। राजधानी शिमला स्थित अनाडेल हेलीपेड पर प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

राष्ट्रपति के शिमला पहुंचने पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कवींद्र गुप्ता, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कैबिनेट मंत्री अनिरुद्ध सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेश कश्यप और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सेना की ओर से आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रेक) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने भी राष्ट्रपति का स्वागत किया।

शिमला पहुंचने के बाद राष्ट्रपति सीधे मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास के लिए रवाना हो गईं, जहां वे अपने प्रवास के दौरान ठहरेंगी। यह दौरा राष्ट्रपति के ग्रीष्मकालीन प्रवास का हिस्सा है, जो 27 अप्रैल से 1 मई तक चलेगा।

अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति का कार्यक्रम व्यस्त रहने वाला है। 28 अप्रैल को वे शिमला के राजभवन स्थित लोक भवन में राज्यपाल द्वारा आयोजित औपचारिक भोज में शामिल होंगी, जहां प्रदेश के कई प्रमुख लोग मौजूद रहेंगे। 29 अप्रैल को राष्ट्रपति कुल्लू में स्थित अटल टनल का दौरा करेंगी और लाहौल स्पीति जिला के सिस्सू में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना का जायजा लेंगी।

30 अप्रैल को राष्ट्रपति पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसी दिन वे मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास में एक स्वागत समारोह की मेजबानी भी करेंगी। इसके अलावा अपने दौरे के दौरान वे शिमला में स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रेक) का दौरा कर सेना के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी निरीक्षण करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए शिमला में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क है। शिमला में एक हज़ार पुलिस जवान सुरक्षा के मद्देनजर तैनात किए गए हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.