May 02, 2026

मणिपुर में हेरोइन की बड़ी बरामदगी: सेनापति और इंफाल ईस्ट में दो गिरफ्तार

इंफाल, 2 मई । मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा चलाए गए मादक पदार्थ विरोधी अलग-अलग अभियानों में 700 ग्राम से अधिक संदिग्ध हेरोइन जब्त की गई है और दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने आज बताया कि पहले अभियान में 1 मई को सेनापति जिले के मराम थाना अंतर्गत कबिनाम क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने सैकुल बाजार निवासी 25 वर्षीय मैंगलेंथांग तुबोई को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 551 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। इसके साथ ही एक चारपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

दूसरे मामले में इंफाल ईस्ट जिले के लमलाई थाना अंतर्गत खाबेइसोई स्थित साजिवा जेल रोड से पुलिस ने कैरंग खुमिडोक मायाई लेइकाई निवासी 28 वर्षीय मो. अनीश खान को गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन साबुन के डिब्बों में छिपाकर रखी गई 154 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई।

मामले की आगे की जांच के दौरान 1 मई को नोंगमेइबुंग नंबाम चुथेक स्थित थौनाओजाम दिलीप कुमार के आवास पर तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से आठ अतिरिक्त साबुन के डिब्बों में भरी संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.