May 02, 2026

कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर देश की राजनीति गर्म |

दिल्ली 02 मई: कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर देश की राजनीति गर्म हो गई है। कांग्रेस, DMK, SP और वामपंथी दलों समेत विपक्षी पार्टियों ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस बढ़ोतरी को “चुनावी बिल” बताते हुए दावा किया कि आगे पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। शुक्रवार को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गई है। यह अब तक की सबसे बड़ी एकदिनी बढ़ोतरी मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच वैश्विक ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते यह लगातार तीसरा महीना है जब कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि चुनाव के बाद आम जनता पर कीमतों का बोझ बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि केवल तीन महीनों में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में करीब 1,380 रुपये यानी लगभग 81 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे चाय की दुकान, ढाबे, होटल, बेकरी और छोटे कारोबार सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम लोगों के खाने-पीने की लागत को प्रभावित करेगी और आने वाले समय में पेट्रोल व डीज़ल की कीमतों में भी वृद्धि संभव है। कांग्रेस ने सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, जबकि सरकार की ओर से अब तक इस पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.