June 03, 2026

कर्नाटक की बागडोर आज डीके शिवकुमार (डोड्डालाहल्ली केम्पेगौड़ा शिवकुमार) संभाल लेंगे।

बेंगलुरु, 03 जून । कर्नाटक की बागडोर आज डीके शिवकुमार (डोड्डालाहल्ली केम्पेगौड़ा शिवकुमार) संभाल लेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत उन्हें 25वें मुख्यमंत्री के रूप में शाम 4:05 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु स्थित लोक भवन के ग्लास हाउस में होगा।

लोक भवन को विशेष रूप से सजाया गया है। राजधानी के विभिन्न हिस्सों में डीके शिवकुमार के आदमकद कटआउट और बैनर लगाए गए हैं। शांति, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न धर्मों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। आदिचुंचनगिरि मठ, सिद्धगंगा मठ, सुत्तूर मठ, तरलाबालु मठ, पेजावर मठ तथा रंभापुरी मठ के संतों सहित आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रविशंकर समारोह में उपस्थित रहेंगे। चर्च के आर्चबिशप डॉ. पीटर मचाडो तथा मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं को भी आमंत्रित किया गया है। कुल 55 से अधिक सर्वधर्म प्रतिनिधि समारोह में शामिल होंगे।

सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, रणदीप सिंह सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल सहित कई वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी उपस्थित रहने की संभावना है। फिल्म, उद्योग, खेल और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के लिए लगभग 1,100 सीटों की व्यवस्था की गई है। अतिथियों के प्रवेश के लिए तीन स्तर की विशेष पास व्यवस्था लागू की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वसंतनगर स्थित शांग्री-ला होटल और केपीसीसी कार्यालय के एक किलोमीटर के दायरे को ‘नो-फ्लाई जोन’ घोषित किया गया है। यातायात और सुरक्षा प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए विधान सौधा, विकास सौधा और एम.एस. बिल्डिंग के कर्मचारियों के लिए आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.