June 04, 2026

सिंदूर पार्क के संरक्षण और बेहतर संचालन को लेकर समिति की हुई पहली बैठक

रायगढ़, 04 जून । शहर के प्रमुख ऑक्सीज़ोन सिंदूर पार्क के संरक्षण, रखरखाव और बेहतर संचालन के लिए गठित सिंदूर पार्क ऑक्सीजन संरक्षण नागरिक कल्याण समिति की आज गुरुवार काे बैठक महापौर जीवर्धन चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में सभापति डिग्रीलाल साहू, एमआईसी सदस्यगण, पार्षदगण, समिति सदस्य, नगर निगम एवं हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी तथा नागरिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पार्क की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य में किए जाने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई और विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव लिए गए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा सिंदूर पार्क ऑक्सीज़ोन का लोकार्पण किया गया था। लोकार्पण के बाद से यह पार्क शहरवासियों के लिए सुबह-शाम सैर, स्वास्थ्य लाभ, योग, व्यायाम एवं मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। बड़ी संख्या में नागरिक प्रतिदिन यहां पहुंच रहे हैं। पार्क की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इसके बेहतर रखरखाव, सुरक्षा एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए नागरिकों की सहभागिता से समिति का गठन किया गया है। बैठक में पार्क की वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सदस्यों ने पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। विशेष रूप से पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, नियमित निगरानी व्यवस्था, पार्क के रखरखाव, पार्क परिसर में अनुशासन बनाए रखने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे विषयों पर गंभीरता से चर्चा हुई।

साथ ही पार्क में आने वाले बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक में जानकारी दी गई कि सिंदूर पार्क ऑक्सीज़ोन संरक्षण नागरिक कल्याण समिति में कुल 23 सदस्य शामिल हैं। समिति का उद्देश्य पार्क के संरक्षण, रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े विषयों पर सुझाव देना तथा पार्क के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाना है। समिति समय-समय पर बैठक आयोजित कर पार्क की व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक सुझाव नगर निगम एवं संबंधित विभागों को उपलब्ध कराएगी। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं वित्तमंत्री ओपी चौधरी की मंशा के अनुरूप सिंदूर पार्क को शहर का आदर्श ऑक्सीज़ोन बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह पार्क केवल एक मनोरंजन स्थल नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके संरक्षण और विकास के लिए नगर निगम, समिति के सदस्य और नागरिक मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि समिति के सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा ताकि आने वाले समय में सिंदूर पार्क शहर की पहचान के रूप में और अधिक विकसित हो सके। बैठक में मुख्य रूप से एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, मुक्तिनाथ प्रसाद, पंकज कंकरवाल, पूनम सोलंकी, पार्षद आशीष ताम्रकार, शरद हरि सराफ, आदित्य शर्मा, सुरेंद्र सिंह छाबड़ा, सौरभ अग्रवाल, सतीश बगलिया, अरविंद अग्रवाल, राजेश अग्रवाल (आर्यन), महेश कंकरवाल, गुरविंदर घई, श्रीमती नीता पटनायक, बलराम पण्डा, बाबा इजारदार, संजू कपरघा, गुरमिंदर सिंह छाबड़ा, दीपक डोरा, अतीश रतेरिया, निगम लेखाधिकारी अजय कुमार वर्मा एवं हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी तथा संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.