June 04, 2026

समृद्ध नेपाल के लिए भारत के साथ संवाद, साझेदारी जरूरीः लामिछाने

नई दिल्ली, 04 जून । नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने गुरुवार को यहां कहा कि उनकी सरकार अभी संचालन के शुरुआती चरण में है और देश को विकास तथा समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। लामिछाने ने कहा कि समृद्ध नेपाल के निर्माण के लिए भारत के साथ आर्थिक सहयोग, संवाद और साझेदारी जरूरी है।

एक जून से पांच दिवसीय दौरे पर भारत आए लामिछाने ने एक कार्यक्रम में कहा, "नई दिल्ली में राजनीतिक दरवाजे खोलने के लिए बहुत लोग आए हैं, लेकिन मैं इस बार समृद्धि का द्वार खोलने आया हूं। समृद्ध नेपाल का सपना हम लंबे समय से देखते आए हैं। मैं उसी लक्ष्य में सहयोग का एजेंडा लेकर यहां पहुंचा हूं।"

लामिछाने ने कहा, "मेरा कोई व्यक्तिगत हित या मांग नहीं है, न ही मेरी पार्टी की कोई विशेष मांग है। मेरी सभी प्राथमिकताएं केवल नेपाल और नेपाली जनता की उन्नति पर केंद्रित हैं और इसी उद्देश्य से मैं नई दिल्ली आया हूं।"

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भारत यात्रा किसी व्यक्तिगत स्वार्थ से प्रेरित नहीं है, बल्कि नेपाल के विकास के लिए सहयोग और साझेदारी की संभावनाएं तलाशने के लिए है।

भारत की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए आरएसपी के अध्यक्ष लामिछाने ने कहा, "पिछले 10-12 वर्षों में भारत ने विकास और समृद्धि के क्षेत्र में जो बड़ी छलांग लगाई है, हम उसे पड़ोसी के रूप में देखते रहे हैं। अब समय आ गया है कि हम साथ-साथ आगे बढ़ें, छोटे-छोटे मुद्दों को बातचीत, सलाह और संवाद के माध्यम से सुलझाते हुए समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ें।"

लामिछाने ने कहा कि वे विभिन्न कूटनीतिक माध्यमों को सक्रिय कर नेपाल की समृद्धि का खाका तैयार करने के उद्देश्य से भारत आए हैं। नेपाल की आरएसपी के नेतृत्व वाली सरकार के शुरुआती दिन हैं और अभी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाने बाकी हैं।

उन्होंने कहा, "हमें ऐसा जनादेश मिला है जिसमें हमारे अलावा लगभग सभी विपक्ष में हैं। इसलिए कभी-कभी यह अफवाह फैल सकती है कि सरकार कुछ नहीं कर रही है या हालात बिगड़ रहे हैं। ऐसी बातें यहां तक भी पहुंच सकती हैं, लेकिन इन अफवाहों के पीछे पड़ने की जरूरत नहीं है। हम पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ देश के विकास के लिए काम करने आए हैं।"

आरएसपी अध्यक्ष ने यह भी कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य सत्ता और पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि देश की दिशा और जनता की किस्मत बदलना है।

उन्होंने कहा, "हम हिस्सेदारी बांटने के लिए नहीं, बल्कि देश का भाग्य बदलने के लिए आए हैं। यह आसान नहीं है, हमें इसका पूरा एहसास है लेकिन इतना जरूर कह सकता हूं कि भले ही रास्ता कठिन हो, यह असंभव नहीं है। हजारों मील की यात्रा भी एक कदम से शुरू होती है। कोई भी मंजिल एक ही छलांग में हासिल नहीं की जा सकती।"

लामिछाने ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार नेपाल को वर्तमान चुनौतियों से बाहर निकालेगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.