June 08, 2026

करावल नगर में सीवर व्यवस्था सुधार के लिए 138 करोड़ की योजना मंजूर

नई दिल्ली 08 जून: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को करावल नगर विधानसभा को 138 करोड़ रुपये की सीवर विकास योजना की सौगात दी। यह सौगात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष पूरे होने पर आज करावल नगर विधानसभा में दिल्ली भाजपा की पहली जनसभा में दी। इस मौके पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, उत्तर पूर्वी जिला भाजपा अध्यक्ष डा. यूके चौधरी ने मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करावल नगर क्षेत्र लंबे समय से जल निकासी, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और आधारभूत ढांचे से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा था। दिल्ली सरकार इन समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और आज का शिलान्यास उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल घोषणाएं करना नहीं बल्कि धरातल पर परिणाम देना है। इसी सोच के साथ करावल नगर क्षेत्र में सीवर नेटवर्क के विस्तार, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर विकास कार्य शुरू किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में 300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को स्वीकृति दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री विकास निधि, विधायक निधि तथा यमुना पार विकास बोर्ड के माध्यम से क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति दी गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 138 करोड़ की सीवर लाइन परियोजना जारी हो गई है। सोनिया विहार, मिलन गार्डन, चौहान पट्टी और सभापुर एक्सटेंशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ेगा। इसके अतिरिक्त पुरानी जलापूर्ति लाइनों को बदलने, पुराने सीवरों की मशीनों से सफाई कराने तथा पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभापुर एक्सटेंशन में गलियों के निर्माण, रामपाल चौक से शिव मंदिर तक सड़क एवं नाला निर्माण तथा विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत ढांचे को मजबूत करने के कार्य भी प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है जो वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सिग्नेचर ब्रिज से पुस्ता मार्ग तक सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण की दिशा में सरकार गंभीरता से कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों और आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं के समन्वय से इस परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सोनिया विहार क्षेत्र में यमुना तट के किनारे एक आधुनिक और आकर्षक रिवर फ्रंट विकसित करने की संभावनाओं पर भी सरकार विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर विहार, सभापुर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, मजबूत सीवर व्यवस्था और बेहतर सड़क नेटवर्क की जनता की वर्षों पुरानी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद लाखों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और क्षेत्र के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आएगा। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 12 साल में से 11 साल भाजपा विपक्ष में थी फिर भी प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार दिल्ली विकास इन्फ्रास्ट्रक्चर दिया, ना जाने कितनी रोड, मेट्रो रेल एवं दिल्ली मेरठ रेल लाइन दिया तो वहीं भारत मंडपम एवं द्वारका में नया कॉम्प्लेक्स बना कर दिल्ली को वर्ल्ड क्लास मीटिंग सेंटर बना दिया है। उन्होंने कहा की आगामी दिनों में केन्द्र सरकार की दिल्ली को दी विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा हमारे लिए गर्व की बात है कि आज मुख्यमंत्री के साथ जहां करावल नगर को 138 करोड़ रूपए की सीवर विकास योजना दी है तो वहीं सोनिया विहार से वजीराबाद तक हमने यमुना जल को भी लगभग निर्मल कर दिया है। मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में उनके मुख्यमंत्री 11 साल में करावल नगर में सीवर लाइन नहीं डाल पाए लेकिन पूरी दिल्ली में जगह-जगह शराब के ठेके जरूर खोल दिये। एसटीपी और सीवर लाइन का काम न होने से गन्दा पानी सीधे यमुना जी को दूषित करता रहा। आज करावल नगर की कॉलोनियों में 43 किलोमीटर लम्बी सीवर लाइनों के काम का शुभारम्भ हो रहा है। पूरी दिल्ली में सभी विधानसभाओं के लिए अब लगातार सीवर लाइनों का ऐतिहासिक स्तर पर काम चल रहा है। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने 11 सालों में ओ-जोन और नक़्शे में नाम न होने के नाम पर सीवर लाइन का जाल बिछाने का कोई प्रयास नहीं किया। इससे लोगों कि जिंदगी भर की कमाई से बने घर गड्ढे में धंस जाते थे। जो लाइन डाली गईं वो कभी चालू नहीं हुई। आज करावल नगर की 4 कॉलोनियों में सीवर लाइन डालने व अन्य विकास कार्यों के लिए 150 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारम्भ किया जा रहा है। सोनिया विहार में पहले ही सीवर लाइन बिछाने का कार्य काफ़ी हद तक पूरा हो गया है। जो लाइन कभी चालू न हो पाई उनकी सफाई करवाकर पहली बार चालू करवाया जा रहा है।क्षेत्र में अब हर गली पक्की बनेगी और हर घर सीवर से जुड़ेगा। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि 2014 में जब मैंने उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र से पहला चुनाव लड़ा था तो यह दिल्ली का सबसे पिछड़ा क्षेत्र था पर प्रधानमंत्री मोदी सरकार ने हमारे उत्तर पूर्वी संसदीय क्षेत्र को इतनी विकास योजनाएं दीं की आज करावल नगर, घौंडा, बाबरपुर, मुस्तफाबाद जैसे क्षेत्र मध्यम वर्गीय लोगों की भी पसंद बन रहे हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.