June 08, 2026

कुलजीत सिंह चहल ने खान मार्केट में चल रहे विकास कार्यों का किया निरीक्षण

नई दिल्ली, 08 जून । नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को खान मार्केट में चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया और स्थल पर कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने बताया कि खान मार्केट में एनडीएमसी द्वारा मध्य लेन के सुधार के लिए एकीकृत ड्रेनेज सिस्टम, उन्नत फुटपाथ एवं फर्श बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1.21 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि मौजूदा इंटरलॉकिंग पेवर्स खराब हो चुके थे, जिनकी बार-बार मरम्मत करनी पड़ती थी और यह लेन भारी पैदल यातायात एवं व्यावसायिक गतिविधियों से प्रभावित रहती है, जिससे आधुनिक और टिकाऊ अवसंरचना की आवश्यकता थी।

उन्हाेंने बताया कि इस पुनर्विकास परियोजना में नई ड्रेनेज नेटवर्क, सीवर कनेक्शन चेंबर, जल आपूर्ति अवसंरचना, इलेक्ट्रिकल यूटिलिटी डक्ट, ग्रेनाइट स्टोन फ्लोरिंग, इंटरलॉकिंग पेवर्स और स्टेनलेस स्टील डस्टबिन की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों का उद्देश्य देश की राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र में नागरिक सेवाओं, सौंदर्य और पैदल यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाना है।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि अब तक ड्रेनेज लाइन बिछाने, सिल्ट कलेक्शन चेंबर निर्माण, जल आपूर्ति पाइपलाइन एवं वाल्व लगाने, सीवर निरीक्षण चेंबर, इलेक्ट्रिकल फीडर पिलर चेंबर और अन्य यूटिलिटी कनेक्शन चेंबर जैसे कई कार्यों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रही है ताकि दुकानदारों, आगंतुकों और निवासियों को न्यूनतम असुविधा हो।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के क्रियान्वयन में सबसे बड़ी चुनौती संकरी छह मीटर चौड़ी लेन के नीचे बड़ी संख्या में भूमिगत बिजली केबल और अन्य यूटिलिटी सेवाएं हैं। उन्होंने कहा कि लगातार पैदल आवाजाही, व्यावसायिक गतिविधियां और दुकानों के कई प्रवेश द्वार होने के कारण एक समय में बड़े पैमाने पर खुदाई संभव नहीं है, जिससे कार्य की गति प्रभावित होती है।

कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि एनडीएमसी संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर वैकल्पिक समाधान जैसे अस्थायी ओवरहेड विद्युत व्यवस्था, फीडर पिलर स्थानांतरण और भूमिगत केबलों के स्थानांतरण की संभावनाओं पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पुनर्विकास कार्यों में तेजी आएगी और सार्वजनिक सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाएं भी बाधित नहीं होंगी।

एनएडीएमसी उपाध्यक्ष ने बताया कि खान मार्केट को समग्र पुनर्विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुधार कार्यों के माध्यम से और अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। खान मार्केट के निरीक्षण के बाद, लोक नायक भवन का दौरा भी किया और संबंधित विभागों को मरम्मत, टूटफूट जैसे कार्यों को करने के निर्देश दिए।

कुलजीत सिंह चहल ने सफदरजंग एयरपोर्ट स्थित एनफोर्समेंट विभाग के स्टोर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागाध्यक्षों और कार्यान्वयन एजेंसियों को सख्त निगरानी एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

चहल ने कहा कि पूरे क्षेत्र में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाएं “विकसित भारत” के विजन के अनुरूप स्वच्छ, हरित और उन्नत शहरी वातावरण के निर्माण में योगदान देंगी।

इस निरीक्षण के दौरान परिषद के वित्त सलाहकार राकेश कुमार, सचिव राहुल सिंह सहित सिविल, इलेक्ट्रिकल, आर्किटेक्चर, स्वास्थ्य, प्रवर्तन और सड़क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.