June 08, 2026

फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का भूकंप, अब तक 19 की मौत, 134 घायल

मनीला, 08 जून । फिलीपींस के दक्षिणी हिस्से में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी। इसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 134 लोग घायल हुए हैं। कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है और कुछ ढह गई हैं। भूकंप के बाद पूरे एशिया में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में अधिकांश क्षेत्रों के लिए वापस ले ली गई।

फिलीपींस की सरकारी समाचार संस्था फ़िलिपीन न्यूज़ एजेंसी और यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार भूकंप सोमवार सुबह स्थानीय समयानुसार मिंडानाओ में द्वीप के पास आया। फ़िलिपीन इंस्टीट्यूट ऑफ़ वोल्केनोलॉजी एंड सिस्मोलॉजी ने बताया कि मुख्य झटके के बाद एक घंटे से ज़्यादा समय तक झटके महसूस किए गए।

दक्षिणी मिंडानाओ में 7.22 लाख की आबादी वाले शहर 'जनरल सैंटोस' को सबसे ज़्यादा नुकसान पहुंचा है। वहीं, पीएचआईवीओएलसी ने बताया कि सोक्ससारजेन के दक्षिणी इलाके में स्थित इस शहर में भूकंप की तीव्रता उनके पैमाने पर "बहुत ज़्यादा" मापी गई। आधिकारिक सोशल मीडिया पर किए गए पाेस्ट में एक तीन मंज़िला इमारत, जिसमें लोकप्रिय फास्ट फूड चेन जॉलीबी रेस्टोरेंट था, मलबे और धूल के गुबार के साथ ढहती दिख रही है। अन्य तस्वीरों में इमारतों को भारी नुकसान पहुँचा है, जिसमें खिड़कियाँ टूटना और छतें गिरना शामिल है।

स्थानीय पुलिस प्रवक्ता रॉबर्ट डगुन ने बताया कि शहर के सेंट एलिज़ाबेथ अस्पताल को भी भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते मरीजों और चिकित्सा कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करना पड़ा।

फ़िलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा कि आपदा के तुरंत बाद राहत एवं बचाव एजेंसियों को सक्रिय कर दिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में स्कूल बंद करने के आदेश भी जारी किए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, स्कूलों के पहले दिन लगभग 32 लाख छात्र और 1.28 लाख शिक्षक एवं कर्मचारी इस आपदा से प्रभावित हुए।

ऑफिस ऑफ़ सिविल डिफेंस डिप्टी प्रवक्ता डिएगो ऑगस्टिन मारियानो के अनुसार अब तक 19 मौतों की सूचना मिली है, जिनमें 16 मौतें सोक्ससारजेन क्षेत्र और तीन मौतें दावाओ क्षेत्रसे दर्ज की गई हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की अभी आधिकारिक पुष्टि की जा रही है।

भूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और एशिया के कई अन्य हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी। बाद में अधिकांश क्षेत्रों के लिए चेतावनी हटा ली गई, लेकिन जापान के दक्षिणी तटीय इलाकों और कुछ द्वीपों के लिए सतर्कता सलाह जारी रही। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को समुद्र तटों और नदी मुहानों से दूर रहने की सलाह दी है।

अधिकारियों ने लोगों से शांत रहने, आफ्टरशॉक्स के प्रति सतर्क रहने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.